दो दर्जन ट्रेन कैंसिल शीर्षक से अमर उजाला में खबर छपने का असर दिखाई देने लगा है। प्रयाग-जौनपुर पैसेंजर को रेलवे ने बुधवार को फिर से चला दिया है। इसको कैंसिल कर दिया गया था। इसके साथ ही रद्द बाकी गाड़ियों के संचालन की उम्मीद बढ़ गई है। रेलवे के अधिकारियों की ओर से इसके संकेत मिल रहे हैं। अगर मौसम ठीक रहा और कोहरा और बारिश की नौबत नहीं आई तो रेलवे प्रतापगढ़ रूट की कैंसिल गाड़ियों का संचालन शुरू करा देगा।
आर्थिक नुकसान को रोकने के लिए रेल मंत्रालय ने लखनऊ डिवीजन की काफी गाड़ियों का फेरा बदला है। कइयों को रद्द कर दिया है। इसमें प्रतापगढ़ रूट की दो दर्जन ट्रेनें भी शामिल हैं। गाड़ियों के कैंसिल किए जाने से यात्रियों को काफी दिक्कतें आ रही हैं। खासकर माघ मेला पर इसका असर पड़ने वाला है। स्नानार्थियों के लिए ट्रेन न होने से उनकी गंगा स्नान की मंशा पूरी नहीं हो पाएगी।
डीआरएम कार्यालय के विश्वस्त सूत्रों का कहना है कि मौसम के मिजाज पर सबकुछ निर्भर है। बाकी सारी तैयारी कर ली गई है। मौसम साफ होने और रेल मंत्रालय की अनुमति मिलने के बाद कैंसिल गाड़ियों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। ट्रेनों के संबंध मेें डीआरएम कार्यालय से सारी जानकारियां रेलमंत्रालय को भेजी जा रही हैं। डीआरएम एके लोहाटी का कहना है कि संचालन मौसम के ऊपर निर्भर है। कोशिश की जा रही है कि माघ मेले में स्नानार्थियों को स्नान पर्व पर ट्रेन की दिक्कत न आने पाए।