थाना क्षेत्र के आमीशंकरपुर गांव में मंगलवार की रात एक छात्रा ने पंखे से दुपट्टे का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी होने पर घर में कोहराम मच गया। गांव के बृजलाल रजक की बेटी अर्चना (16) सिलौधा स्थित मथुरा प्रसाद इंटर कालेज में इंटर की छात्रा थी। मंगलवार की रात वह घर के बगल बने कमरे में पढ़ने गई।
बुधवार की सुबह देर तक दरवाजा न खुलने पर मां जगरानी उसे जगाने पहुंची। दरवाजा बंद होने पर खिड़की से देखा तो बेटी का शव पंखे से लटक रहा था। मां के शोर मचाने पर गांव के लोग भी पहुंच गए। अर्चना का पिता बजलाल रजक सोनीपत में कारोबार के सिलसिले में रहता है। उसकी छह बेटियों में अर्चना पांचवें नंबर की थी। गांव के चौकीदार इंद्रजीत सरोज की सूचना पर थानाध्यक्ष संतोष द्विवेदी मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने कमरे का दरवाजा तुड़वाकर छात्रा का शव बाहर निकलवाया। छात्रा की मौत की जानकारी मिलने पर लालगंज सीओ बीआर प्रेमी भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच पड़ताल शुरू की। सीओ के निर्देश पर उदयपुर पुलिस ने मृतका का शव पंचनामा कर पीएम के लिए जिला मुख्यालय भेजवाया। एसओ संतोष दुबे का कहना है पीएम रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु का कारण स्पष्ट होने के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।