अमेठी-चिलबिला मार्ग पर बुधवार की सुबह बेकाबू सफारी ने छात्र हिमांशु (9) को टक्कर मार दी। छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने कार्रवाई की मांग को लेकर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंची पुलिस को भी पुलिस को ग्रामीणों ने दौड़ा लिया और पथराव किया। बवाल की खबर पर पहुंचे एसडीएम सदर व सीओ सिटी ने जाम समाप्त कराया। अंतू थाना क्षेत्र के उपाध्यायपुर निवासी ओमप्रकाश ने अपना नया मकान कपासी में बनवाया है। उनका बेटा हिमांशु किशुनगंज स्थित तुलसी मेमोरियल पब्लिक स्कूल में कक्षा पांच का छात्र था। बुधवार की सुबह पुराने घर से नए मकान पर जाने के लिए वह साइकिल से निकला। अमेठी-चिलबिला मार्ग से होते हुए वह जैसे ही महुआए मोड़ के करीब पहुंचा। तभी अमेठी की ओर से आ रही बेकाबू सफारी ने हिमांशु को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे वह दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद आसपास के लोगों के पहुंचने से पहले ही चालक वाहन के साथ भाग निकला। घायल छात्र को लोग उसे नजदीकी अस्पताल ले गए। लेकिन डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखकर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। तब तक छात्र के परिजन भी रोते-बिलखते पहुंच गए। परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। यहां डॉक्टरोें ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद भी घटनास्थल पर पुलिस के न पहुंचने से आक्रोशित ग्रामीणों ने कपासी के करीब चिलबिला-अमेठी मार्ग पर जाम लगाते हुए पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
इसके बाद पहुंची पुलिस को ग्रामीणों ने दौड़ा लिया। उन पर ईंट पत्थर भी चलाए। जाम से अमेठी-चिलबिला मार्ग पर भारी वाहनों के साथ ही चारपहिया वाहनों का रेला लग गया। एसडीएम सदर जेपी मिश्र, सीओ सिटी मनीष मिश्र मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की बात सुनने के बाद अधिकारियों ने वाहन चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने व दूसरी मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया। इसके बाद जाकर जाम समाप्त हुआ। पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया। देर शाम तक मौके पर अधिकारी डटे रहे।
अंतू के कपासी के करीब चिलबिला-अमेठी मार्ग पर साइकिल सवार छात्र हिमांशु को टक्कर मारने वाली सफारी का नंबर प्लेट मौके पर गिर गया। ग्रामीणों ने नंबर प्लेट को कब्जे में लेने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया। नंबर प्लेट पर महाराष्ट्र का नंबर है। पुलिस उसकी खोजबीन कर रही है।