कंधई क्षेत्र का एक ट्रक चालक मुम्बई में करंट की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौत हो गई। हादसे की खबर घर पहुंचने पर कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन मुम्बई के लिए निकल पड़े।
कंधई थाना क्षेत्र के खूजी कला गांव निवासी प्रदीप सिंह (25) पुत्र माताबदल सिंह मुम्बई में रहकर ट्रक चलाता था। शनिवार को वह ट्रक की धुलाई कराने के लिए गया था। इस बीच वह किसी काम से ट्रक की छत के ऊपर चढ़ गया।
ऊपर से हाईंटेंशन तार गुजरा था। इससे वह करंट की चपेट में आ गया। किसी तरह मौजूद लोगों ने उसे करंट से बचाकर स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान रविवार की सुबह प्रदीप सिंह की मौत हो गई। यह खबर उसके घर पहुंची तो रोना-पीटना मच गया। बाद में सभी मुम्बई के लिए रवाना हो गए। बताते हैं कि डेढ़ वर्ष पहले प्रदीप की शादी हुई थी।