खनन माफिया बेखौफ हो गए हैं। राजनीतिक पहुंच वाले माफिया के लिए मिट्टी सोना बन चुकी है। हर माह जिले में लाखों रुपये की मिट्टी का अवैध कारोबार किया जा रहा है। जिले में इन दिनों अवैध खनन तेजी से चल रहा है। राजनीतिक दलों के नेताओं के चहेते इस काम को दबंगई के बूते कर रहे हैं। रोक के बावजूद खनन विभाग इस तरफ ध्यान नहीं दे रहा।
मिट्टी का अवैध खनन इन दिनों रानीगंज, पट्टी, बेलखरनाथधाम, कुंडा और बाबागंज सहित सदर क्षेत्र में ज्यादा हो रहा है। हालात ये हैं कि जिले से गैर जनपदों में भी मिट्टी की सप्लाई की जा रही है। इससे माफिया प्रति माह लाखों रुपये कमा रहे हैं। खनन विभाग ध्यान नहीं दे रहा है। विभागीय सूत्र बताते हैं कि माफिया की राजनीतिक पहुंच से अधिकारी कार्रवाई से कतराते हैं। माफिया नदियों से भी बिना परमिशन के बालू निकाल कर बेच रहे हैं। इससे नदियों की धारा परिवर्तित होने की आशंका जताई जा रही है। बताया जाता है कि नियमों की अनदेखी कर तमाम लोग शहर में ही बालू को डंप करते हैं। इसके बाद बेचते हैं।