इलाहाबाद-फैजाबाद रेलखंड के बीच सूर्यगढ़ मानवविहीन रेलवे क्रासिंग पर बुधवार को रेलवे की जेसीबी मशीन ने ग्रामीणों द्वारा बनाए गए रास्ते को आखिरकार बंद करवा दिया। ग्रामीणों ने इसका विरोध किया। उनकी अधिकारियों से नोकझोंक भी हुई। मगर रेल प्रशासन मानने को तैयार नहीं था।
सूर्यगढ़ समेत दर्जन भर गांवों को जाने का रास्ता सूर्यगढ़ क्रासिंग से होकर जाता था। बाद में रेल प्रशासन ने इस रास्ते को बंद करवा दिया था। रास्ता बंद होने से ग्रामीण परेशान हो गए। बाद में लोगों ने क्रासिंग पर कच्चा रास्ता बना लिया और आने-जाने लगे। हाल ही में निरीक्षण पर प्रतापगढ़ आए एडीआरएम ने क्रासिंग पर आवागमन देखा तो भड़क उठे। उन्होंने फौरन इस रास्ते को बंद करवाने का निर्देश दिया था। उनका कहना था कि इस रास्ते से दुर्घटना की आशंका है। बुधवार को पीडब्ल्यूआई अवधेश पाल की अगुवाई में सूर्यगढ़ क्रासिंग पर पहुंचे कर्मचारियों ने जेसीबी मशीन की मदद से रास्ते को बंद कर दिया। कोई भी विवाद न हो इसके लिए रेलवे सुरक्षा बल की मदद ली गई थी। रास्ता बंद किए जाने से ग्रामीण परेशान हो गए हैं।
प्रधान सरौली अतीक अहमद का कहना है कि रेल प्रशासन ने रास्ते का वादा किया था। मगर पूरा नहीं किया। प्रधान पूरबपट्टी विजय सिंह ने कहा कि इस रास्ते से सैकड़ों ग्रामीणों का आवागमन होता है। रेलवे की कार्रवाई का विरोध किया जाएगा। प्रधान सूर्यगढ़ प्रभावती तिवारी का कहना था कि रास्ता बंद होने से गांव का विकास रुक जाएगा। पीडब्ल्यूआई अवधेश पाल का कहना है कि रेलहित में ऐसा किया गया। ग्रामीणों का कहना था कि सांसद कुंवर हरिवंश ने गेटमैन की तैनाती का वादा किया था। अवधेश पाल का कहना था कि इस बारे में अधिकारी ही बेहतर बता पाएंगे।