संविदाकर्मी लाइनमैन की मौत से गुस्साए लोगों ने बुधवार को अपनी मांगों को लेकर डीएम आवास का घेराव किया। नारेबाजी के दौरान पहुंचे अधिकारियों के समक्ष जेई पर कार्रवाई और मृतक के परिवार के लोगों को मुआवजा देने की मांग की। अधिकारियों ने सभी को कार्रवाई का भरोसा देकर शांत कराया। नगर कोतवाली के भरई का पुरवा निवासी शिव प्रकाश कोरी (36) पुत्र रामदेव कोरी भुपियामऊ पावर हाउस में संविदाकर्मी लाइनमैन था। एक सप्ताह पूर्व विक्रमपुर गांव की लाइन ठीक करते समय वह करंट की चपेट में आ गया था। हालत गंभीर देख उसे इलाहाबाद ले जाया गया। वहां मंगलवार को उसकी मौत हो गई। देर रात परिजन शव लेकर घर आ गए।
मामले की जानकारी मिलने पर साथी कर्मचारी उसके घर पहुंचे। बिजली विभाग के अधिकारियों से बातचीत की, लेकिन जेई समेत दूसरे अधिकारियों ने उसकी आर्थिक मदद की बात सिरे से नकारते हुए बताया कि वह विभाग का लाइनमैन नहीं था। इससे आक्रोशित ग्रामीण बिजली विभाग के सैकड़ों कर्मचारियों के साथ भंगवाचुंगी स्थित एक्सईएन कार्यालय पहुंचे। वहां मृतक लाइनमैन का शव रखकर नारेबाजी करने लगे। अधिकारियों के न मिलने पर ग्रामीण शव लेकर जिलाधिकारी आवास पर पहुंचे। यहां गेट के बाहर शव रखकर जाम लगा दिया।
बिजली विभाग के अधिकारियों के खिलाफ ग्रामीण नारेबाजी करने लगे। वे जेई एसके सिंह के खिलाफ कार्रवाई और मृतक के परिजनों को विभाग से मिलने वाली मदद की मांग कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों की अगुवाई कर रहे अध्यक्ष हेमंत नंदन ओझा ने सीआरओ, एसडीएम सदर व सीओ सिटी से बातचीत की। मौके पर बिजली विभाग के अधिकारियों से बातचीत के बाद अफसरों ने भरोसा दिलाया कि मृतक लाइनमैन के परिवार को बिजली विभाग से मिलने वाली मदद मिलेगी। अधिकारियों के आश्वासन के बाद सभी मान गए। वे शव को अंतिम संस्कार के लिए लेकर रवाना हुए।