फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बस में घुसकर हिस्ट्रीशीटर को गोलियों से भून डाला

Tue, 15 Dec 2015 11:32 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो, प्रतापगढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
प्रतापगढ़ में जंगलराज कायम हो गया है। लगातार चौथे दिन फिर हत्या हो गई। मंगलवार को इलाहाबाद-फैजाबाद राजमार्ग पर पल्सर सवार बदमाशों ने फिल्मी स्टाइल में यात्रियों से भरी बस रुकवाकर उसमें सवार हिस्ट्रीशीटर कृष्णदेव पांडेय उर्फ चुनमुन (28) को गोलियों से भून डाला। सरेआम हाईवे पर बस में गोलियों की तड़तड़ाहट से यात्रियों के साथ आसपास के लोग भी कांप गए। बस में सवार यात्री दहशत में चीखने लगे।
विज्ञापन


दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देकर भाग रहे बदमाशों ने रोकने पर ईंट-भट्ठा मालिक अशोक सिंह उर्फ राजू  (34) पर भी गोलियां बरसा दीं। ग्रामीणों के दौड़ने पर बदमाश फायरिंग करते हुए भाग निकले। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उधर, ईट-भट्ठा मालिक की हालत गंभीर बनी हुई है। डाक्टरों ने इलाहाबाद रेफर कर दिया है।

नगर कोतवाली के सदर बाजार निवासी कृष्णदेव पांडेय उर्फ चुनमुन (28) पुत्र राजनारायण पांडेय मंगलवार दोपहर इलाहाबाद से प्राइवेट बस से घर लौट रहा था। बस इलाहाबाद- फैजाबाद हाईवे पर गजेहड़ा पुलिस बूथ के सामने पहुंची। तभी पल्सर सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने बस के आगे बाइक खड़ी कर तमंचा निकाल लिया। यह देख चालक सहम गया और बस रोक दी। इस पर असलहों से लैस बदमाश बस के भीतर घुस गए। चुनमुन ने बदमाशों की मंशा भांपकर छिपने का प्रयास किया, लेकिन वह कामयाब नहीं हो सका।
विज्ञापन


बदमाशों के हाथों में असलहे देख यात्री चिल्लाने लगे। जैसे ही तीनों चुनमुन के पास पहुंचे वह उनसे भिड़ गया। इस बीच हमलावरों ने उसके शरीर में कई गोलियां उतार दीं। तमंचा पकड़ने के प्रयास में चुनमुन की हथेली तक उड़ गई। मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश देल्हूपुर से होते हुए चंघईपुर के रास्ते मानधाता की ओर भागने लगे। गजेहड़ा जंगल के पास हुई घटना की खबर किसी ने सरायराजा निवासी ईंट भट्ठा मालिक अशोक सिंह उर्फ राजू (34) पुत्र सरदार सिंह को दी। वह चंघईपुर स्थित ईंट-भट्ठे के करीब ही कमलेश बहादुर सिंह के मकान पर बैठे थे। खबर मिलते ही वह बाइक लेकर बदमाशों को रोकने के लिए मुख्य मार्ग की ओर भागे।

पल्सर सवार बदमाशों को आते देख रोकने की कोशिश की। तभी बदमाशों ने उनके ऊपर गोलियों की बौछार कर दी। इससे वह वहीं गिर पड़े। उनके पीछे से आ रहा कमलेश शोर मचाते हुए दूर से ईंट-पत्थर फेंकने लगा। इस दौरान ग्रामीण भी दौड़े, लेकिन तब तक बदमाश फायरिंग करते हुए मानधाता की ओर भाग निकले।

गोली लगने से घायल राजू को आसपास के लोग जिला अस्पताल ले आए। यहां हालत गंभीर देख डाक्टरों ने उसे इलाहाबाद रेफर कर दिया। दूसरी ओर, बस में मृत चुनमुन के शव को लेकर पुलिस मानधाता थाने पहुंची। घटना की खबर मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी नीरज कुमार पांडेय दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। मृतक युवक के पास मिले ड्राइविंग लाइसेंस से उसकी शिनाख्त हुई। उसकी मौत की खबर घर पहुंची तो कोहराम मच गया। परिजन रोते-बिलखते अस्पताल की ओर भागे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें