जेठवारा थाना क्षेत्र के कानूपुर नगरिया गांव के बाहर बने प्राचीन हनुमान मंदिर की मूर्ति को अराजक तत्वों ने तोड़ दिया था। इसको लेकर दूसरे दिन लोगों में आक्रोश फैल गया। शनिवार को रेखा ओझा ने ग्रामीणों के साथ धरना प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। कहा कि प्रशासन तोड़ी गयी मूर्ति की जगह पर नई मूर्ति की स्थापना कराए और दोषियों की गिरफ्तारी करे। जानकारी पर पहुंचे विहिप न्याय पंचायत अध्यक्ष अवध नरेश सिंह व उनके साथ विहिप प्रमुख विजय मिश्र एवं कार्यकर्ताओं ने धरने पर बैठी रेखा ओझा का समर्थन किया।
सूचना मिलते ही एसओ जेठवारा चंद्रबली यादव फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि टूटी हुई मूर्ति की जगह नई मूर्ति लगाई जाएगी। आरोपियों की गिरफ़्तारी के लिए प्रयास किया जा रहा है। आप लोग भी इसमें सहयोग करें। उन पर गैंगेस्टर व रासुका के तहत कार्रवाई की जाएगी। अवध नरेश सिंह ने कहा की मूर्ति तोड़ने वाले अराजकतत्वों के नाम बताने वाले को पांच हज़ार रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा। इस दौरान जगदीश नारायण शुक्ल, राम सिंह, संतोष ओझा, बच्चा ओझा, मनीष सेन, मीडिया प्रभारी संजीत अधिकारी, रवि मिश्र, ज्ञानेंद्र पांडेय, सुनील गुप्त, भोले सिंह आदि मौजूद रहे।