प्रधानी के चुनाव को लेकर शराब व्यवसायी की पीट-पीटकर नृसंश हत्या कर दी गई। वह मंगलवार की रात भतीजे के चुनाव प्रचार के लिए निकला था। गांव में तनाव को देखते हुए कई थानों की पुलिस बुला ली गई। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए नामजद आरोपियों की तलाश में दबिश देने लगी।
लालगंज कोतवाली के सरायसंग्राम सिंह निवासी देशपति पटेल उर्फ मुंशी (40) पुत्र कल्लू पटेल शराब व्यवसाय से जुड़ा था। मौजूदा समय में उसका भतीजा अमित पुत्र बाबूलाल प्रधान पद का चुनाव लड़ रहा है। मंगलवार की रात चुनाव प्रचार के बाद वह पुराने घर लौटा और खाना खाकर सोने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान मोबाइल पर आए फोन पर बातचीत के बाद वह घर से निकला था। कुछ देर के लिए वह अपने नए मकान पर भी गया।
वहां ताला बंदकर निकला। बुधवार की सुबह घर से करीब पांच सौ मीटर दूर सड़क के किनारे उसका रक्तरंजित शव लोगों को दिखाई पड़ा। देशपति की हत्या की खबर सुनते ही परिजन रोते बिलखते दौड़ पड़े। घटना की खबर मिलने पर लालगंज समेत दूसरे थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो मृतक को बुरी तरह लाठी-डंडे से पीटा गया था। जिससे उसका जबड़ा टूट गया था और चेहरे पर गहरे जख्म के निशान थे। उसकी जेब से मोबाइल गायब था।
नए मकान की चाभी उसकी जेब से मिली। परिजनों से बात करने के बाद पुलिस ने प्रधान पद के प्रत्याशी सुरेश तिवारी के घर दबिश दी, लेकिन वह घर पर नहीं मिला। मौके पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी दिनेश सिंह ने परिजनों से बातचीत के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस मामले में मृतक के भतीजे अमित की तहरीर पर पुलिस ने सुरेश तिवारी, शैलेष, संतोष, नागेश व वाहन चालक रामकुमार सरोज के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
अमित का आरोप है कि आरोपियों का एक दिन पहले चुनाव प्रचार को लेकर मृतक का विवाद हुआ था। इसी रंजिश में उसकी हत्या की गई है। एएसपी पश्चिमी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। दूसरे बिंदुओं पर भी छानबीन जारी है।