शौच के लिए सोमवार को खेत गई एक दलित किशोरी के साथ गांव के ही एक व्यक्ति ने दुराचार किया। किशोरी के विरोध करने पर उसे जमकर पीटा। किशोरी ने परिजनों को घटना से अवगत कराया तो उनके होश उड़ गए। सुबह परिजनों ने थाने में तहरीर दी। उधर आरोपी को इसकी जानकारी हुई तो वह पीड़िता के घर पहुंच गया और मुकदमा लिखाने पर घर फूंकने की धमकी देने लगा। पुलिस मुकदमा दर्ज कर किशोरी को मेडिकल के लिए भेज दिया है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की एक किशोरी सोमवार रात शौच के लिए गई थी। रास्ते में गांव के ही एक युवक ने उसे पकड़ लिया और पास में ही पुआल के ढेर में ले गया। इस दौरान उसने उसका मुंह दबा दिया और दुराचार किया। किशोरी के विरोध करने पर उसकी पिटाई भी कर दी। किशोरी को कई जगह खरोंचे आई हैं। आरोपी के चंगुल से छूटने के बाद किशोरी अपने घर गई और परिजनों को आपबीती सुनाई। इस पर उनके होश उड़ गए। उन्होंने आसपास के लोगों से चर्चा की तो सभी आक्रोशित हो गए। सुबह पिता अपनी बेटी को लेकर कोतवाली पहुंचा और तहरीर दी।
इस पर पुलिस ने आरोपी ललित कुमार मिश्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर किशोरी को मेडिकल के लिए भेज दिया। वहीं आरोपी को तहरीर देने की जानकारी हुई तो वह उसके घर पहुंच गया। लोगों को धमकाने के साथ ही पीड़ित का घर फूंकने की भी धमकी दी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। कोतवाल आरके सिंह चंदेल का कहना है कि आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।