प्रतापगढ़। मुंबई से फैजाबाद जा रही साकेत एक्सप्रेस के एसी कोच में सफर कर रही दो महिलाओं के व्हीलर बैग काटकर चोर लाखों के जेवर और नकदी लेकर चंपत हो गए। पीड़ित महिलाओं में से एक ने प्रतापगढ़ जीआरपी में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। घटना से आक्रोशित महिला के परिजनों ने देर शाम जीआरपी थाने का घेराव किया और खुलासे की मांग की।
मुंबई के नानावती हास्पिटल के सिक्योरिटी चीफ देवेंद्र सिंह की बेटी अंजू और नलिनी सिंह नगर कोतवाली के सियाराम कालोनी में अपने चाचा डॉक्टर एसपी सिंह की पुत्री की शादी में शामिल होने के लिए साकेत एक्सप्रेस से प्रतापगढ़ आ रही थीं। दोनों का एसी बी-वन कोच में 35-36 नंबर बर्थ पर आरक्षण था। उन्होंने अपना सारा सामान बर्थ के नीचे जंजीर से बांध दिया था। पुलिस के अनुसार चोरों ने जंजीर से बंधे ट्राली बैग को काटकर उसमें रखा एक हार, दो कंगन, दो झुमका, चार सोने की अंगूठी और पांच हजार रुपये की नगदी पार कर दी। जब तक नलिनी सिंह को जानकारी हो पाती चोर अपना काम करके फरार हो चुके थे।
रविवार को सुबह साकेत एक्सप्रेस के प्रतापगढ़ पर पहुंचने पर पीड़िता नलिनी सिंह की तहरीर पर जीआरपी ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। नलिनी सिंह का कहना था कि उनको विश्वास नहीं हो रहा है कि एसी कोच में भी चोर उचक्के इस तरह की वारदात कर सकते हैं। इस घटना ने पुलिस द्वारा यात्रियों की सुरक्षा के दावे की हवा निकाल दी है। एसओ बीके सिंह ने बताया कि घटना मुंबई की है।
स्टेशन से ट्रेन के छूटने के करीब आधा घंटा बाद यह घटना हुई है। फिलहाल चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। चोरी गए सामानों की कीमत करीब लाख रुपये बताई जा रही है। शाम को परिजन दोबारा थाने पहुंचे और एसओ से मामले की खुलासे की मांग करने लगे। हालांकि एसओ का कहना है कि उन्होंने परिजनों का बुलाया था।