प्रतापगढ़। दो दिवसीय स्काउट गाइड प्रतियोगिता का समापन शुक्रवार को जीआईसी में हुआ। इस दौरान विभिन्न विद्यालय की टीमों द्वारा प्रदर्शन किया गया। जिसमें कई तरह की प्रतियोगिता आयोजित र्हुइं।
मुख्य अतिथि डीआईओएस शिवकुमार ओझा ने कहा कि देश में स्काउट गाइड के प्रचार प्रसार की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि कोई भी राष्ट्र तभी प्रगति कर सकता है, जब उस देश में स्वस्थ नागरिक व शिक्षा हो। बताया कि स्काउट गाइड से अच्छी शिक्षा, संस्कार व देश सेवा की भावना छात्र-छात्राओं में जन्म लेती है। जिला मुख्यायुक्त डॉ. निशाकांत ओझा ने कहा कि गैर शैक्षणिक क्रियाकलापों से शिक्षा में व्यापक स्तर पर सहयोग की भावना उत्पन्न होती है। साथ ही देश के प्रति समर्पण की भावना भी जन्म लेती है।
प्रतियोगिता के दौरान बच्चों ने टेंट पिचिंग, टावर, बुकक्राफ्ट, झांकी आदि कार्यक्रम प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में सरदार वल्लभ भाई पटेल इंटर कालेज बहुता की टीम अव्वल रही। जबकि तुलसी इंटर कालेज जमेठी, केपी कालेज, मथुरा इंटर कालेज, वीआरबीएस इंटर कालेज कोड़रा मादूपुर, जीजीआईसी की टीम ने भी अच्छा प्रदर्शन किया। इस मौके पर जिला आयुक्त स्काउट गाइड प्रमोद तिवारी, प्रभात तिवारी, सुधांशु शुक्ला, धर्मराज सिंह, सुरेश शर्मा, विजय तिवारी, अवधेश विश्वकर्मा, सुमन सिंह, संजीव शर्मा, अशोक तिवारी, अखिलेश प्रजापति, रामअधार यादव, प्रभाशंकर पांडेय आदि मौजूद रहे।