प्रतापगढ़। पूर्व नगर कोतवाल अनिल कुमार के शव को पोस्टमार्टम के बाद सीधे पुलिस लाइन लाया गया। यहां जिलाधिकारी अमृत त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार सक्सेना, एएसपी पूर्वी नीरज पांडेय, एएसपी पश्चिमी दिनेश सिंह, सीओ सिटी मनीष मिश्र, एसडीएम सदर जेपी मिश्र समेत अन्य पुलिसकर्मियों ने श्रद्धासुमन अर्पित किया। इसके बाद अंतिम संस्कार के लिए शव परिजनों के हवाले करते हुए एसपी ने विभागीय सहायता प्रदान की। पुलिसकर्मी इस घटना पर अपने आंसू नहीं रोक पा रहे थे।
पूर्व नगर कोतवाल अनिल कुमार की हत्या का खुलासा भले ही पुलिस ने करने का दावा किया है, लेकिन चुनौती बरकरार है। शातिर बदमाशों तक पुलिस के लंबे हाथ नहीं पहुंच पा रहे हैं। दिन हो या रात बाइकर्स खुलेआम प्रतिबंधित असलहे लेकर घूम रहे हैं।
एसपी सुनील कुमार सक्सेना भले ही पूर्व नगर कोतवाल अनिल कुमार की हत्या करने वालों को दबोचने का दावा कर रहे हैं, लेकिन अभी भी पुलिस के सामने चुनौती बरकरार है। जिले में एक से बढ़कर एक सनसनी खेज घटनाएं हुई हैं। रोडवेज परिसर में युवक की गोली मारकर हत्या करने के बाद लाखों रुपये लूटकर बदमाश फरार हो गए थे। अधिवक्ता इंद्रमणि शुक्ला हत्याकांड के शूटर अभी भी फरार हैं।
अमरगढ़ बाजार के सर्राफ को गोली मारने वाले बदमाश भी पुलिस के हाथ नहीं लगे। इसके अलावा शातिर बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर आम जनमानस को दहशत में डाल दिया है। दिन हो या रात शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों में ऐसे तमाम बाइकर्स अपनी कमर में प्रतिबंधित पिस्टल और असलहा खोसकर चलते हैं। छोटी बात मेें भी वे असलहा निकालकर फायर करने से गुरेज तक नहीं करते। पुलिस को ऐसे बदमाशों और युवकों को दबोचना होगा। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। तभी पुलिस का इकबाल बुलंद हो सकता है।