पट्टी। पट्टी में मंगलवार रात भरतमिलाप की खुशियों में खलल पड़ गया। नशे में धुत दरोगा ने रामदल के पदाधिकारी का सिर फोड़ दिया। इससे आक्रोशित लोगों ने जमकर बवाल काटा। घायल युवक की हालत गंभीर देख डाक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
कस्बा निवासी शुभम (25) पंजाब बैंक में कर्मचारी हैं। कस्बे के ऐतिहासिक रामलीला कमेटी के रामदल का वह पदाधिकारी भी है। मंगलवार को भरतमिलाप का पर्व रंग बिरंगी खुशियों के बीच मनाया जा रहा था। कोतवाली के करीब लोगों की भीड़ जमा थी। रामदल के पदाधिकारी भी वहां मौजूद थे। शिवम भी लोगों को प्रदर्शन के लिए समझा रहा था। तभी कोतवाली में तैनात एक दरोगा नशे में धुत होकर पहुंचा।
वहां मौजूद लोगों से किसी बात को लेकर तकरार हुई। दरोगा ने डंडे से शिवम के सिर पर प्रहार कर दिया। जिससे उसका सिर फट गया। यह खबर मिलते ही मेला बंद हो गया। रामलीला कमेटी व व्यापार मंडल के पदाधिकारी आक्रोशित हो उठे। नारेबाजी करते हुए मौके पर पहुंचे और घायल युवक को नजदीकी अस्पताल ले गए। तब तक भारी भीड़ जमा हो गई। लोग घटना को लेकर दरोगा के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए बवाल करने लगे। इस मामले की खबर पाकर एसओ समेत भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और लोगों को समझा बुझाकर शांत कराने की कोशिश करने लगे। खबर भेजे जाने तक घायल को जिला अस्पताल भेजा गया और बवाल जारी है।