घरों और दुकानों को रोशन करने के लिए लोग दीपावली दिए जलाते हैं, लेकिन झालर लगाने से घर और दुकानों की चमक बढ़ जाती है। धनतेरस के दिन से ही लोगों ने घरों और दुकानों को झालरों से सजा दिया है। रात में जल रहे रंग-बिरंगे झालर घर और दुकान में चार-चांद लगा दिए हैं। रविवार से ही बाजारों में दीपावली से संबंधित उत्पाद की बिक्री जोरों पर शुरू हो गई थी। लोग पूजन सामग्री के साथ अन्य सामान बाजारों से खरीद रहे हैं। झालर की दुकानों पर भी लोगों की भीड़ लग रही है।
इस बार बाजार में तमाम तरह के झालर हैं। हालांकि सभी झालरों में राइस झालर लोगों को ज्यादा भा रहा है। इसमें बल्ब छोटे आकार के साथ रंग-बिरंगे हैं। झालर कारोबारी शक्ति ने बताया कि 25 रुपये से लेकर 400 रुपये तक के झालर बाजार में हैं। सभी अपने सामर्थ्य के अनुसार झालर की खरीदारी कर रहे हैं। राइस झालर लोगों को ज्यादा पसंद आ रहा है। इसके साथ ही एलईडी, फूलमाला, दीप, मोमबत्ती और पाइप झालर भी बिक रहे हैं।
बिहार चुनाव में विकास की जीत : रत्ना
प्रतापगढ़(ब्यूरो)। पूर्व सांसद राजकुमारी रत्ना सिंह ने सोमवार को जनपदवासियों को धनतेरस और दीपावली की बधाई दी। प्रेसवार्ता में कहा कि भारतवर्ष विविध धर्मों का देश है। यहां प्रत्येक व्यक्ति को पहनावा के साथ खान-पान की पूर्ण स्वतंत्रता है। बिहार विधानसभा चुनाव में गठबंधन को अप्रत्याशित जीत मिली है। इसके लिए उन्होंने जनता की प्रशंसा की। रत्ना ने कहा कि मोदी के नाटक को लोग समझ गए हैं। इसलिए बिहार के लोगों ने नीतीश के विकास पर पूरा भरोसा जताया।
धनतेरस पर विभिन्न विद्यालयों में सोमवार को रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। बच्चों ने अनेक रंगोली बनाकर लोगों को मोह लिया। शिक्षकों के साथ बच्चों ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर दीपावली की बधाई दी। कई विद्यालयों में दीप भी जलाए गए।
वीएस मेमोरियल पब्लिक स्कूल मीराभवन, रीवर डेल पब्लिक स्कूल, सेंटमेरीज कांवेंट स्कूल, सेंट जेवियर्स स्कूल जोगापुर, अवध गर्ल्स हायर सेकेंड्री स्कूल जेल रोड, नेशनल पब्लिक स्कूल सिटी रोड सगरा, वीडी दूबे इंटर कालेज पहाड़पुर समेत अनेक विद्यालयों में भी रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई। बच्चों ने कई तरह की रंगोली बनाई। अच्छी रंगोली बनाने वाले बच्चों को पुरस्कृत भी किया गया। साथ ही दीप जलाकर विद्यालय को सजाया गया। अभिभावक, शिक्षक व बच्चों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर त्योहार की बधाई दी।
लोगों को एक-दूसरे मिलजुलकर रहने की सलाह दी गई। किसी से भेदभाव नहीं करना चाहिए। बच्चों को खतरनाक पटाखों से दूर रहने की सलाह दी गई। इस दौरान इमरान खान, बब्बन त्रिपाठी, अनिल त्रिपाठी, अल्का सिंह, धर्मेंद्र सिंह, शर्मिला शुक्ला, विनीत, वजीहउद्दीन हैदर आदि मौजूद रहे। वहीं पर्यावरण सेना द्वारा मानधाता स्थित महावीर शिक्षा निकेतन में प्रदूषण मुक्त एवं परंपरागत दीपावली मनाने का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों ने प्रदूषण मुक्त दीपावली मनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का आयोजन अजय क्रांतिकारी के नेतृत्व में किया गया।