त्रिस्तरीय चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए अधिकारियों ने कमर कस ली है। मंगलवार को जिलाधिकारी अमृत त्रिपाठी व एसपी सुनील सक्सेना लालगंज ब्लाक पर चल रहे नामांकन का औचक निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान सार्वजनिक स्थलों पर चुनाव प्रचार सामग्री देख डीएम ने नाराजगी जताते हुए मुकदमा दर्ज कराने का निर्देश दिया।
लालगंज ब्लाक पहुंचे डीएम अमृत त्रिपाठी ने एसडीएम, सीओ, आरओ समेत अन्य अधिकारियों को आदर्श आचार संहित के निर्देशों का पालन कराने के लिए कहा। इस दौरान सार्वजनिक स्थलों पर चुनाव प्रचार सामग्री देख वह नाराज हो गए।
उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि यह आचार संहिता का उल्लंघन है। साथ ही प्रचार सामग्री लगाने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए सीओ सुधीर सिंह को निर्देश दिया। रामपुर ब्लाक के कई गांवों की मतदाता सूची में गड़बड़ी की शिकायत पर सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने एसडीएम वाईबी सिंह को रामपुर ब्लाक के नेवढ़िया, प्रताप रुद्रपुर व खंडवा गांव की मतदाता सूची की मौके पर जाकर जांच करने का आदेश दिया। उधर, सांगीपुर ब्लाक के राहाटीकर गांव की मतदाता सूची की जांच की जिम्मेदारी तहसीलदार सदानंद को दी गई। उसके बाद डीएम व एसपी ने नामांकन केंद्र की जांच की। वहां की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए कर्मचारियों व अधिकारियों से नामांकन के संबंध में जानकारी ली।