बिजली विभाग ने बकायेदारों के खिलाफ वसूली अभियान शुरू कर दिया है। सोमवार को शहर और ग्रामीण इलाके में अभियान चलाकर करीब 79 लाख के तकरीबन 48 बकायेदारों की बिजली काटी गई। शहर में अधीक्षण अभियंता रवींद्र कुमार की टीम ने बीस बड़े बकाएदारों का बिजली कनेक्शन काटा। इनके ऊपर करीब पच्चीस लाख का बिल बकाया चल रहा है। ग्रामीण इलाके में टीम ने करीब 28 बकायेदारों की बिजली काटी।
इन पर करीब 54 लाख रुपये का बिल बाकी है। शीघ्र अदा न करने पर कार्रवाई करने का निर्देश अभियंता ने दिया है। एक्सईएन द्वितीय ओपी मिश्रा ने बताया कि जमींदार कोल्ड स्टोरेज और मेसर्स जय अंबे कोल्ड स्टोरेज पर बीस-बीस लाख रुपये बकाया हैं। इनके खिलाफ आरसी जारी की गई है। इनसे वसूली की जिम्मेदारी एसडीओ लालगंज को दी गई है। अभी तक वसूली नहीं हो पाई है। बकायेदारों के खिलाफ अब कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं बताया जाता है कि जिन उपभोक्ताओं का बकाया बिजली का बिल 25 हजार से ऊपर है, उनकी बिजली लाइन काटी जाएगी। बिल न जमा करने पर उनके खिलाफ आरसी की कार्रवाई की जाएगी।