लालगंज कोतवाली के जगन्नाथपुर गांव में हुए डबल मर्डर के मामले में अधिकारियों ने रानीगंज कैथौला चौकी प्रभारी पर कार्रवाई की है। चौकी प्रभारी पर घटना के दिन गांव में देर से पहुंचने का आरोप लगा था। गांव में मामूली विवाद के चलते दो पक्षों में जमकर लाठी डंडे चले। इसमें इलाज के दौरान बाप बेटे की मौत हो गई। दो दो मौतों से बौखलाए ग्रामीणों व परिजनों ने रानीगंज कैथौला चौकी प्रभारी अमित सिंह पर सूचना के बाद भी मौके पर देर से पहुंचने का आरोप मढ़ दिया।
चौकी प्रभारी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिजनों ने डीआईजी भगवान स्वरूप व एसपी बलिकरन सिंह यादव से भी शिकायत की। शिकायत को गम्भीरता से लेते हुए मामले की जांच अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी दिनेश प्रताप सिंह को सौंप दी गई। एएसपी की रिपोर्ट पर रानीगंज कैथौला चौकी प्रभारी अमित सिंह को रविवार को पद से हटा दिया गया। अमित को हथिगंवा थाने का सब इंस्पेक्टर बनाया गया है। वहीं दीप नारायण यादव को रानीगंज कैथौला चौकी प्रभारी की कमान सौंपी गई है। हालांकि रविवार को दोपहर बाद तक नवागत चौकी प्रभारी के नही पहुंचने के चलते अमित को रिलीव नही किया जा सका है। सीओ का कहना है कि चौकी प्रभारी के आते ही अमित सिंह को रिलीव कर दिया जाएगा।