जेठवारा थाना क्षेत्र के सरायआनादेव गांव में रविवार को बकरे के चक्कर में रिटायर्ड फौजी अपनी जान गवां बैठा। कुएं में डूबने से उसकी मौत हो गई। वह कुएं में गिरे बकरे को निकालने के लिए अंदर गया था।
जेठवारा थाना क्षेत्र के सरायआना देव निवासी रज्जब अली (45) पुत्र अब्दुल अजीज सेना से रिटायर हुआ था। इसके बाद से वह घर पर ही रह रहा था। रविवार की सुबह करीब दस बजे वह दरवाजे पर बैठा था। इस बीच उसके घर के पास स्थित कुएं में एक बकरा गिर गया। रज्जब ने यह देखा तो उसकी जान बचाने के लिए कुएं में उतर गया। शोर पर ग्रामीण भी जुट गए। इस बीच गांव का शमशेर भी कुएं में उतर गया। शमशेर और रज्जब ने बकरे को एक रस्सी में बांध दिया। ग्रामीणों ने रस्सी के सहारे बकरे को बाहर निकाल लिया।
शमशेर भी रस्सी को पकड़कर बाहर आ गया। रज्जब बाहर निकल रहा था कि रस्सी टूट गई और वह पानी में गिर गया। इससे वह कुएं में डूब गया। रज्जब को बचाने के लिए शमशेर समेत चार लोग फिर कुएं में उतरे, मगर उसका कुछ पता नहीं चला। किसी ने इसकी जानकारी दमकलकर्मियों को दी। ग्रामीणों की मानें तो डेढ़ घंटे बाद पहुंचे दमकल कर्मियों ने कुएं में उतरने से इनकार कर दिया। ग्रामीणों ने कटिया के सहारे रज्जब अली को बाहर निकाला और उसे जिला अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने रज्जब अली को मृत घोषित कर दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। रज्जब का 14 वर्ष का बेटा अरमान, 18 वर्ष की बेटी सोनम और 20 वर्ष की बेटी अफसाना है। तीनों का रो-रो कर बुरा हाल है। रज्जब अली 31 अगस्त को सेना से रिटायर होकर घर आए थे।