दोस्त के साथ जा रहे एक युवक की बाइक में सूमो ने टक्कर मार दी। इससे एक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरे ने इलाज के दौरान इलाहाबाद में दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक सूमो लेकर भाग निकला।
कुंडा कोतवाली क्षेत्र के बसवाही गांव निवासी मो.शकलैन (18) पुत्र शहंशाह और उसका दोस्त उबैद (20) पुत्र नन्हें उर्फ लतीफ निवासी बसवाही सोमवार सुबह करीब सात बजे बाइक से कुंडा आ रहे थे।
फरेंदूपुर गांव के पास सामने से आ रही लालरंग की सूमो ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे दोनों सड़क पर गिर पड़े। इन्हें गंभीर चोटें आईं। शोर पर आसपास के लोगों को आते देख गाड़ी लेकर चालक भाग निकला। लोगों ने परिजनों के साथ ही पुलिस को हादसे की सूचना दी। पुलिस ने चेक किया तो शकलैन की मौत हो चुकी थी जबकि उबैद घायल था। पुलिस ने उबैद को अस्पताल भेज दिया। शव को कोतवाली लाकर पंचनामा किया। वहीं उबैद ने भी इलाहाबाद में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस सूमो की तलाश कर रही है।