आला अधिकारियों के आदेश पर कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए प्रशासन गंभीर हो गया है। उनके आने-जाने वाले प्रमुख मार्गों पर दिन रात सुरक्षा के लिए पुलिस बल पांच वाहनों से भ्रमण करेगा। मिश्रित आबादी वाले इलाकों में सादी वर्दी में भ्रमण कर पुलिसकर्मी निगरानी रखेंगे। सावन में एक माह तक कांवड़ में गंगाजल लेकर कांवड़िए शिवालयों पर जलाभिषेक करने के लिए पहुंचते हैं। प्रयाग और काशी से गंगाजल लेकर लोग कांवड़ यात्रा करते हैं। मान्यता है कि सोमवार और शनिवार को शिवालयों में जलाभिषेक करने से पुण्य मिलता है। इसके चलते अक्सर इस दिन कांवड़ियों की भीड़ सड़कों पर बढ़ जाती है। गत वर्ष जनपद में होने वाले बवाल को देखते हुए कांवड़ियों को लेकर इस बार प्रशासन गंभीर हो गया है। अधिकारी उनकी सुरक्षा को लेकर माथापच्ची कर रहे हैं।
सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए जा रहे हैं। हौदेश्वरनाथ, घुइसरनाथधाम, बाबा बेलखरनाथ धाम समेत अन्य धामों में जलाभिषेक करने वाले कांवड़ियों को लेकर प्रशासन खासा अलर्ट है। देल्हूपुर से लेकर शहर तक मानधाता पुलिस की जीप दिन-रात गश्त करेगी। चिलबिला से लेकर बाबा बेलखरनाथधाम तक कंधई पुलिस भ्रमण करेगी। मानिकपुर, नवाबगंज, हथिगवां थाना क्षेत्र में एक पुलिस जीप पांच पुलिसकर्मियों के साथ लगातार कांवड़ियों वाले रूटों पर गश्त करती रहेगी। संग्रामगढ़ से लेकर घुइसरनाथ धाम तक भी एक वाहन लगाया गया है। एएसपी पश्चिमी दिनेश सिंह ने बताया कि मिश्रित आबादी वाले इलाके में सादी वर्दी में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। जो बराबर नजर रखेंगे। पुलिस रानीगंज, पट्टी, मानधाता, जेठवारा, कंधई थाना क्षेत्र को संवेदनशील मान रही है। इसके अलावा मानिकपुर घाट, हौदेश्वरनाथ धाम व दूसरे स्थानों पर पुलिस व पीएसी मौजूद रहेगी।