फुंके ट्रांसफार्मर को न बदलने से नाराज शहर के दो मोहल्लों के लोगों ने दहिलामऊ विद्युत उपकेन्द्र पर गुरुवार की दोपहर बाद जमकर हंगामा किया। आक्रोश उस समय ज्यादा बढ़ा जब लोगों को यह पता चला कि जेई के साथ लाइनमैन भी नदारद हैं। मौके पर मिले एसएसओ गाना मिश्र ने हालात को संभालते हुए कहीं से ट्राली ट्रांसफार्मर की व्यवस्था कराई। इसके बाद माहौल शांत हुआ।
गुरुवार को बारिश में शहर के विवेकनगर व सेनानी गली में लगा विद्युत ट्रांसफार्मर जल गया। इससे सैकड़ों घरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। कई घंटे से बाधित आपूर्ति को लेकर कुछ लोग भीगते हुए सड़क पर निकल आए। लोगों ने विभागीय अधिकारियों को इसकी सूचना दी। दोपहर बाद जब तीन बजे तक ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया तो लोग दहिलामऊ विद्युत उपकेन्द्र पहुंच गए। यहां पता चला कि ट्रांसफार्मर की दिक्कत है। तुरंत बदल पाना मुश्किल है तो सभी हंगामा करने लगे। उनका आक्रोश तब और बढ़ गया जब पता चला कि उपकेन्द्र पर कोई लाइनमैन नहीं है।