रिकार्डतोड़ बारिश शहर के लिए गुरुवार को मुसीबत बन गई। सड़क से लेकर गली तक पानी में डूब गई। हर जगह पानी भरा रहा। कई मुहल्ले व सड़कें तालाब की शक्ल में नजर आए। जलभराव से शहर की सड़कों पर चलना दुश्वार हो गया। कोई ऐसी सड़क नहीं थी, जो पानी में डूबी न हो। बारिश ने नगरपालिका की भी कलई खोलकर रख दी। जाम पड़ीं नालियों से जलनिकासी नहीं हो सकी। नतीजा यह कि दिनभर लोग जलभराव की समस्या से जूझते रहे। स्थिति यह रही कि लोगों की दुकानों व घरों में पानी घुस गया।
कई वर्ष बीत गए, मगर नगर पालिका शहर में ठीक से जलनिकासी की व्यवस्था नहीं कर सका। जिसका दंश हर बारिश में शहर के लोगों को भुगतना पड़ता है। बारिश पूर्व जलभराव से होने वाली परेशानी को लेकर 'अमर उजालाÓ ने चेताया था। बारिश शुरू हुई तो जताई गई आशंका सच साबित हो गई। गुरुवार को रिकार्डतोड़ बारिश से पूरे शहर की सड़क व गलियां पानी में डूब गईं। सिनेमा रोड तालाब सरीखा दिख रहा था। इस मुहल्ले व सड़क पर घुटने भर से भी ज्यादा पानी भरा रहा। शहर के अंबेडकर चौराहा, भंगवाचुंगी, सिप्तैन रोड, भैरोपुर, विवेक नगर, बाबागंज, विवेक नगर, दहिला मऊ, सिविललाइंस, आजादनगर, पीडब्लूडी व विकास भवन रोड, कलक्ट्रेट और कचहरी, पुलिस लाइन और एसपी कार्यालय परिसर परिसर, जिला अस्पताल परिसर व रोड, चौक, सदर और तेलिया चौराहा, पंजाबी मार्केट, चौक घंटा घर, जेल रोड, नया व पुराना गोदाम रोड, ठठेरी बाजार, सब्जी मंडी, अजीतनगर सहित हर की सड़कों पर पानी भरा रहा।
सड़क और गली में पानी भरने के बाद बहकर लोगों की दुकानों व घरों में प्रवेश कर गया। जिससे व्यापारियों व उन घरों में बसर करने वालों की काफी फजीहत हुई। दुकान में पानी घुसने से व्यापारियों का काफी नुकसान हुआ। हर जगह जलभराव से नालियों का गंदा पानी सड़क पर आ गया। इससे उठ रही दुर्गंध से लोग जूझते रहे। जलभराव से पूरे शहर की नारकीय स्थिति रही।