ब्लड कैंसर से जूझ रहे पट्टी के पूरेसनाथ गांव के आनंद कुमार मिश्र की तीन बेटियों की फीस के चलते अब पढ़ाई नहीं रुकेगी। उनकी फीस और पढ़ाई के खर्च का संकट दूर हो गया है। शुक्रवार से तीनों फिर से स्कूल जाएंगी। ‘अमर उजाला’ में इससे संबंधित खबर प्रमुखता के साथ छपने पर गुरुवार को जिला विद्यालय निरीक्षक पीड़ित के गांव पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से बात करने के बाद स्कूल को प्रबंधक को तीन बेटियों का एडमिशन करने का निर्देश दिया। उनकी पढ़ाई पर आने वाला खर्च भी स्वयं वहन करने का आश्वासन दिया। उधर, शोभनाथ इंटर कॉलेज के प्रबंधक सुरेश पांडेय ने उनकी पूरी फीस माफ कर दी है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को आनंद की तीनों बेटियों को विद्यालय में प्रवेश के लिये बुलाया गया है।
पट्टी के पूरेसनाथ गांव के आनंद कुमार मिश्र ब्लड कैंसर की बीमारी से जूझ रहे हैं। इलाज में पत्नी के सारे जेवर और जमीन बिक गई। मकान गिरवी रखा हुआ है। माली हालत ठीक न होने की वजह से उनकी तीन बेटियों रश्मि, सारिका और निधि की फीस नहीं जमा हो पाई। जिससे पढ़ाई बीच में छोड़नी पड़ी। बेटियां पढ़ना चाहती थीं, लेकिन घर में खाने के भी लाले पड़े हैं। ‘अमर उजाला’ ने गुरुवार के अंक बेटियों की पढ़ाई छूटने को लेकर प्रमुखता से खबर प्रकाशित की। खबर का असर रहा कि जिला विद्यालय निरीक्षण बृजेश मिश्र खुद गांव पहुंच गए। डीआईओएस डॉ.बृजेश मिश्रा ने कैंसर से जूझ रहे आनंद की तीनों बेटियों को शिक्षित करने का बीड़ा उठाया है। उन्होंने पढ़ाई का सारा खर्च उठाने का जिम्मा लिया है। उन्होंने बताया कि वह तीनों बेटियों को पढ़ाएंगे। उधर, आंनद मिश्र ने अमर उजाला को बताया कि डीआईओएस ने उनकी बेटियों की पढ़ाई का जिम्मा लिया है। शुक्रवार को तीनों को दाखिले के लिए शोभनाथ इंटर कॉलेज में बुलाया गया है।