घर में घुसकर मदरसा शिक्षक को बाइक सवार तीन बदमाशों ने गोली मार दी। गोली उसके पेट के पार हो गई। शिक्षक को जिला अस्पताल लाया गया, जहां हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उसे प्रयागराज रेफर कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन कर मदरसा के प्रबंधक समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है। घटनास्थल से पिस्टल के चार खोखे बरामद हुए।
कुंडा कोतवाली के टिकरिया बुजुर्ग निवासी फिरोज अहमद (45) पुत्र हाजी रईस अहमद नगर कोतवाली के सिटी कजियाना मोहल्ला स्थित मदरसा अरबिया काफियतुल उलूम में शिक्षक हैं। मंगलवार की सुबह साढ़े सात बजे बाइक से तीन युवक उनके घर के पास पहुंचे। दो बदमाश घर के दरवाजे पर पहुंचे और शिक्षक को आवाज देकर बुलाने लगे।
फिरोज युवकों के पास पहुंचकर बातचीत करने लगे। तभी अचानक दोनों युवकों ने पिस्टल निकाल कर फायर कर दिया। एक गोली फिरोज के पेट को चीरते हुए बाहर निकल गई। जबकि तीन गोलियां दीवार पर लगीं। फायर की आवाज सुनकर फिरोज की पत्नी रूबी समेत आसपास के लोग दौड़े, लेकिन बदमाश पिस्टल लहराते हुए भाग निकले। फिरोज को लेकर लोग जिला अस्पताल पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें प्रयागराज रेफर कर दिया।
सूचना मिलने पर पहुंचे शहर कोतवाल घटना की छानबीन करने लगे। मौके से चार खोखे बरामद हुए। थोड़ी ही देर में सीओ सिटी और एएसपी पूर्वी भी पहुंच गए। पुलिस ने इस मामले में मदरसा के प्रबंधक कासिम उमर समेत तीन लोगों को हिरासत में ले लिया। नगर कोतवाल ने बताया कि जांच में सामने आया है कि रुपये के लेनदेन के विवाद को लेकर घटना को अंजाम दिया गया है। बदमाशों की तलाश की जा रही है।
पिस्टल लहराते पीछे के रास्ते से भागे बदमाश
मदरसा शिक्षक को गोली मारने वाले बदमाश लोगों के दौड़ने पर पिस्टल लहराते हुए पीछे के रास्ते से भाग निकले। बदमाशों को टेंपो चालक यूसुफ ने रोकने का प्रयास किया, लेकिन उसके सामने पिस्टल तान दी। जिससे वह पीछे हट गया और बदमाश भागने में कामयाब रहे। बाइक चला रहे बदमाश ने अपना चेहरा ढका हुआ था। जबकि गोली मारने वाले दोनों बदमाशों का चेहरा खुला था।
फिरोज को गुरुजी कहकर बुला रहे थे बदमाश
मदरसा शिक्षक फिरोज ने नई बस्ती मेें नया मकान खरीदा है। मंगलवार की सुबह जो बदमाश उनसे बात कर रहे थे, वह उन्हें घर के गेट पर खड़े होकर गुरुजी कहकर बुलाने लगे। पहले तो पत्नी रूबी ने उन्हें मना कर दिया, लेकिन बदमाश गुरुजी से जरूरी काम की बात कहते हुए अनुरोध करने लगे। तब रूबी ने पति को बाहर भेजा। गुरुजी कहकर बातचीत करने के दौरान ही बदमाशों ने फिरोज को गोली मार दी।
पत्नी रूबी हैं प्राइमरी में हेडमास्टर
कुंडा कोतवाली के टिकरिया बुजुर्ग निवासी फिरोज अहमद चार भाई हैं। पत्नी रूबी शाहीन सुलताना प्राइमरी शिक्षिका हैं। मौजूदा समय में घर के करीब ही प्राइमरी स्कूल में प्रधानाध्यापिका हैं। दो बेटे व दो बेटियां भी उनके साथ रहती हैं। घटना के बाद हर कोई हैरत में है।
नौकरी दिलाने के नाम पर रुपये के लेनदेन की चर्चा
नगर कोतवाली में सिटी काजियाना मोहल्ले में स्थित मदरसे में साल भर पहले तेलत उमर प्रबंधक थे। अब उनके भतीजे कासिम उमर प्रबंधक हैं। मोहल्ले में इस बात की चर्चा होती रही कि नौकरी दिलाने के नाम पर काफी लोगों से रुपये लिए गए हैं। हो सकता है घटना उसी से जुड़ी न हो। फिलहाल प्रबंधक कासिम ऐसी बात से इनकार करते रहे।
सोमवार को भी फिरोज को खोज रहे थे बदमाश
नगर कोतवाली के सिटी काजियाना मोहल्ला नई बस्ती निवासी फिरोज अहमद की तलाश बदमाश सोमवार को भी कर रहे थे, लेकिन वह मिले नहीं। घटना के बाद मोहल्ले के लोगों ने इस बात की जानकारी पुलिस को दी।