किसानों को नकली दवाएं बेचकर दुकानदार मालामाल हो रहे हैं। छिड़काव करने के बाद उसका असर नहीं दिखता है। शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। रबी की फसलों को बचाने के लिए किसान बाजारों से महंगी दवाओं को खरीदकर खेतों में डाल रहे हैं। उसका असर ही नहीं दिखाई पड़ता है।
जिले के बेलखरनाथधाम ब्लाक के गहरीचक गांव निवासी संतोष कुमार की मानें तो आलू की फसल को बचाने के लिए उन्होंने बाजार से खरीदी गई दवा का छिड़काव किया, मगर सप्ताह भर बीतने के बाद भी दवा का कोई असर नहीं है। महंगी दवाओं को बेचकर किसानों को ठगने का धंधा कोई नया नहीं है, बल्कि बीते वर्ष भी इस तरह के मामले का खुलासा अधिकारियों ने किया था। जिला कृषि रक्षा अधिकारी अमित जायसवाल ने बताया कि उन्हें इस वर्ष ऐसी शिकायत नहीं मिली है। फिलहाल जल्द ही नकली दवाओं के खिलाफ अभियान चलाकर जांच की जाएगी।