सदर ब्लाक के कर्मचारियों को अफसरों का भय नहीं है। महिला बीडीओ की तैनाती से लापरवाह हुए कर्मचारियों की पोल गुरुवार को डीएम के निरीक्षण में खुली। कनिष्ठ लिपिक अनीता सिंह, एपीओ मनरेगा कृष्ण कुमार मिश्र, तकनीकी सहायक बृजेंद्र प्रताप सिंह, राजकुमार निर्भय, समरबहादुर सिंह, दिनेशचंद्र तिवारी, विष्णुशंकर पांडेय, विजय प्रताप सिंह गायब मिले। डीएम ने सभी का एक दिन का वेतन काटने का आदेश दिया है। इधर, एलवन अस्पताल संत अंथोनी का निरीक्षण कर मरीजों से स्वास्थ्य की जानकारी ली।
डीएम डा. रुपेश कुमार ने गुरुवार को कोविड एल-1 हास्पिटल संत अंथोनी इंटर कालेज एवं खंड विकास अधिकारी कार्यालय सदर का निरीक्षण किया। संत अंथोनी इंटर कालेज के निरीक्षण में डीएम ने भर्ती मरीजों से उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। अस्पताल में भोजन, दवाएं, साफ-सफाई आदि के बारे में जानकारी ली। मरीजों की ओर से कोई शिकायत नहीं मिलने पर वह संतुष्ट दिखे। डीएम ने सीएमओ को चेताया कि अगर किसी प्रकार की लापरवाही बरती गई तो बर्दाश्त नहीं होगी। इधर, सदर ब्लाक के निरीक्षण में कर्मचारियों के बगैर सूचना गायब रहने पर नाराजगी प्रकट की। निरीक्षण के दौरान सीडीओ अश्विनी कुमार पांडेय, एडीएम शत्रोहन वैश्य भी मौजूद रहे।
कोरोना संक्रमित मिलने पर 11 स्थल हुए सील
जिले में कोरोना मरीज मिलने पर डीएम ने 11 स्थलों को 14 दिन के लिए सील कर दिया है। शहर के जोगापुर कामटेक कंप्यूटर के पास, बलीपुर सीएट टायर एजेंसी के बगल गली, गांधी नगर कुंडा, दहिलामऊ विधायक आवास, अतरसंड मंगरौरा, चिलबिला चौराहा माधोगंज, भैसना पूरे गोसाई शिवगढ़ रानीगंज, हुमायूंपुर भुइदहा सदर, खीरीबीर घाट रोड अचलपुर प्रतापगढ़, बैजलपुर अमरगढ़ आसपुर देवसरा एवं लरू कुंडा में कोरोना पाजिटिव मिलने पर 14 दिन के लिए सील कर दिया गया है।
शनिवार को नहीं बंद होंगी दुकानें, अब रविवार को साप्ताहिक बंदी
जिले में अब शनिवार को दुकानें नहीं बंद होंगी, बल्कि साप्ताहिक बंदी रविवार को होगी। डीएम ने जिले की दुकानें खुलने का समय निर्धारित कर दिया है। अब सुबह नौ बजे से रात नौ बजे तक शहर और गांव की दुकानें खुली रहेंगी। इससे व्यापारियों को काफी राहत मिलेगी।
जिले के व्यापारियों ने व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष बनवारी लाल कंछल से मांग की थी कि शनिवार की बंदी खत्म कराई जाए। मुख्यमंत्री तक व्यापारियों की आवाज पहुंचने पर शनिवार की बंदी को समाप्त कर दिया गया है।
अब सप्ताह में केवल रविवार को ही दुकानें बंद रहेंगी। डीएम ने कहा है कि प्रत्येक शनिवार को रात 12 बजे से रविवार की रात 12 बजे तक प्रतिबंध लागू रहेगा। डीएम ने सभी शहरी, ग्रामीण हाट बाजार, गल्ला मंडी, व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को रविवार को पूरी तरह बंद रखने को कहा है।
सप्ताह के अन्य दिनों में होने वाली साप्ताहिक बंदी भी रविवार को ही रखी जाएगी। रविवार के दिन जो साप्ताहिक बाजार लगते थे, वह किसी भी दिन लगाए जा सकते हैं। सभी धार्मिक स्थल इस अवधि में सोशल डिस्टेसिंग में खुले रह सकते हैं।