देल्हूपुर के पास नकाबपोश बदमाश ने एक शिक्षिका को थप्पड़ जड़ दिया। विरोध करने पर मोबाइल छीनकर भाग निकला। भुक्तभोगी शिक्षिका ने मामले की शिकायत पुलिस से की है। प्रयागराज की रहने वाली अभिलाषा कुशवाहा प्राथमिक विद्यालय खरवई द्वितीय में शिक्षिका हैं। वह प्रतिदिन प्रयागराज से विद्यालय आती हैं। हर दिन की तरह मंगलवार को भी वह बस से देल्हूपुर बाजार पहुंचीं। वहीं नकाबपोश बदमाश ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। विद्यालय आते समय रास्ते में ईंट भट्ठे के समीप सूनसान स्थान पर बदमाश ने शिक्षिका पर हमला कर दिया। शिक्षिका ने बचाव का प्रयास किया तो बदमाश ने उन्हें थप्पड़ मारकर मोबाइल छीन लिया। शिक्षिका के शोर मचाने पर बदमाश भाग निकला। शिक्षिका अभिलाषा कुशवाहा ने बताया कि कोहरा अधिक होने की वजह से वह नकाबपोश बदमाश को पहचान नहीं सकीं। लोगों के पहुंचने तक वह भाग निकला। वहीं देल्हूपुर थाना क्षेत्र के कुशफरा गांव में नकाबपोश बदमाश ने एक युवक को अपना शिकार बनाया। पानी की टंकी के पास सड़क किनारे बात कर रहे रासू गुप्ता के हाथ से मोबाइल छीनकर बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाश भाग निकले। थानाध्यक्ष पुष्पराज सिंह ने बताया कि शिक्षिका और युवक ने तहरीर दी है। मोबाइल लूटने वाले बदमाश को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।