अलगाववादी नेता मसर्रत आलम को रिहा करने पर जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद पर परिवाद दाखिल किया गया है। यह परिवाद आल इंडिया रूलर्स बार एसोसिएशन ने न्यायिक मजिस्ट्रेट इंद्रजीत सिंह की अदालत में मंगलवार को दाखिल किया। मजिस्ट्रेट ने सुनवाई की अगली तारीख 17 मार्च निर्धारित की है।
मंगलवार को आल इंडिया रूलर्स बार एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ज्ञानप्रकाश शुक्ल व महासचिव हरिशंकर द्विवेदी ने जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री पर अलगाववाद को संरक्षण देने का आरोप लगाया। परिवाद दाखिल करने के दौरान बहस करते हुए वादी के अधिवक्ता अनिल महेश व शहजाद अंसारी ने मुख्यमंत्री के कृत्य को राष्ट्रीय संप्रभुता व एकता तथा अखंडता को आघात पहुंचाने वाला बताया। मजिस्ट्रेट इंद्रजीत सिंह ने लोक सेवक के खिलाफ परिवाद के न्यायिक क्षेत्राधिकार का हवाला देते हुए इसके निस्तारण के लिए 17 मार्च की तारीख तय की है।