डॉ. आरके वर्मा, विधायक प्रतापगढ़।
- फोटो : अमर उजाला।
नवसृजित नगर पंचायत कटरागुलाब सिंह में चुनाव प्रचार को लेकर कई दिनों से सियासी दलों के नेताओं व समर्थकों के बीच संग्राम छिड़ा है। जेठवारा पुलिस ने बसपा चेयरमैन प्रत्याशी के समर्थक की तहरीर पर रानीगंज के सपा विधायक डॉ. आरके वर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। जिसके बाद नगर पंचायत कटरागुलाब सिंह का माहौल गरमा उठा है।
नगर पंचायत कटरा गुलाब सिंह के पूरे मोतीलाल (ऐजका) गांव के बसपा कार्यकर्ता कन्हैया लाल पासी का आरोप है कि वह 28 अप्रैल को पार्टी के चेयरमैन प्रत्याशी के पक्ष में चुनाव प्रचार करने निकला था। जिससे नाराज होकर सपा विधायक डॉ. आरके वर्मा ने उससे मोबाइल पर बात करते हुए धमकी देते हुए चुनाव प्रचार से रोका। कहा कि कल आकर मेरे पार्टी कार्यालय पर मिलो, नहीं तो ठीक नहीं होगा।
आरोप है कि विधायक ने कहा, सपा प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार करो। पीड़ित ने मामले की शिकायत सीएम के पोर्टल व पुलिस से की थी। जेठवारा पुलिस ने मामले की गहनता से जांच कर शनिवार की रात विधायक के खिलाफ एससीएसटी एक्ट के अलावा अन्य सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर लिया।
क्या बोले विधायक
मैं फर्जी मुकदमों से डरने वाला नहीं हूं। प्रदेश सरकार चाहे जितने मुकदमे दर्ज करा दे। कटरागुलाब सिंह की जनता और वह इसका जवाब देने के लिए तैयार बैठे हैं। शासन के दबाव में मुकदमा दर्ज किया गया है। वह जनता के हक की लड़ाई लड़ते रहेंगे। - डॉ. आरके वर्मा, रानीगंज विधायक।