मां बेल्हा देवी धाम के मुख्य द्वार पर मिठाई की दुकान चलाने वाले दो लोगों के कोरोना संक्रमित मिलने पर डीएम ने इलाके को हाटस्पाट घोषित कर रखा है। इससे सोमवार को मां बेल्हा देवी धाम के कपाट नहीं खुले। दूर-दूर से आने वाले भक्तों को जब जानकारी हुई तो वह वापस जाने के बजाए सड़कों पर बैठकर इंतजार करने लगे। सदर मोड की तरह सड़क पर दुकानें लगी देखकर पुलिस ने आक्रामक रुख अख्तियार किया और डंडा पटक कर बाहर सड़क खाली कराई।
इधर, शहर में दो दिन की बंदी के बाद दुकानें खुलने पर लोग खरीदारी करने के लिए उमड़ पड़े।
सड़कों पर वाहनों की लंबी लाइन लगी रही, तो बैकों में ग्राहक धक्का-मुक्की करते नजर आए। चौक, पंजाबी मार्केट, गल्ला मंडी, फल मंडी और सब्जी मंडी में उमड़ी भीड़ को न तो सोशल डिस्टेंसिंग का ख्याल था और न ही लोग अपने को सु रक्षित करने का प्रयास कर रहे थे। चौराहों पर पुलिस तैनात रही, मगर वह आने-जाने वालों को टोक भी नहीं रही थी। चौक-कचहरी मार्ग पर श्रीराम तिराहा और जिला अस्पताल के सामने इतनी भीड़ थी कि लोगों को सड़क पार करने के लिए काफी देर इंतजार करना पड़ रहा था।
डीएम ने 125 हॉटस्पॉट स्थलों को प्रतिबंधों से किया मुक्त
कोरोना पाजिटिव मिलने पर हाटस्पाट घोषित किए गए जिले के 125 स्थलों को डीएम ने प्रतिबंधों से मुक्त कर दिया है। कंटेनमेंट जोन बनाए गए इन इलाकों में 14 दिनों के भीतर कोई नया मरीज नहीं मिला। शहर के ट्रेजरी चौराहा हनुमान मंदिर के पीछे, पुलिस लाइन, कोतवाली बैरक कुंडा, न्यू कालोनी पार्क के बगल बाबागंज, कोहड़ौर बाजार, 120 सदर बाजार पेट्रोलंप के बगल गली, पूरे सेवकी कोहड़ौर बाजार समेत 125 स्थलों को प्रतिबंधों से मुक्त कर दिया गया है।