शहर के मीराभवन स्थित स्टेडियम में शनिवार को रायबरेली व प्रतापगढ़ के बीच मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच का आयोजन हुआ। मैच का उद्घाटन जिला क्रीड़ाधिकारी पूनमलता राज ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
प्रतापगढ़ की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 34.2 ओवर में 313 रनों पर ऑलआउट हो गई। शुभम ने 89, अनूप ने 58 व संस्कार ने 34 रनों का योगदान दिया। रायबरेली के आदित्य, प्रतीक व विपिन ने दो विकेट चटकाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए रायबरेली की टीम 30.4 ओवर में 248 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
रायबरेली की ओर से शुभ सिंह 54, विपिन 36, सूर्यांश 28 व प्रतीक ने 17 रनों का योगदान दिया। कुनाल ने चार, शनि यादव दो व अंशुमान व रितेश ने एक-एक विकेट लिए। मैच में निर्णायक चंदन व रमन रहे। समापन पर खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया। इस दौरान आदित्य शुक्ला, दुर्गेश तिवारी, सचिन शुक्ला व विक्रम सिंह मौजूद रहे।