मैदान में लगी बच्चों की पाठशाला
- फोटो : प्रतापगढ़
गौरा विकास खंड के प्राइमरी स्कूल बसिरहा में एक बार फिर किसानों ने आवारा पशुओं को कैद कर दिया। इससे बच्चों को स्कूल के बाहर खुले में बैठकर पढ़ना पड़ा। दोपहर लगभग तीन बजे पहुंची पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए आवारा पशुओं को बाहर कराया।
गौरा विकास खंड के प्राइमरी स्कूल बसिरहा में शनिवार को बच्चे स्कूल पहुंचे तो देखा कि स्कूल गेट बंद था। अंदर आवारा पशु घूम रहे थे और बाहर आक्रोशित किसान और महिलाएं जमा थीं। प्रधानाध्यापक विद्याशंकर के पहुंचने पर किसानों ने स्कूल बंद कर वापस जाने को कहा। इसे लेकर हेडमास्टर से किसानों की झड़प भी हुई।
हेडमास्टर के ब्लाक और थाने पर सूचना देने पर ब्लाक से एडीओ पंचायत के साथ पुलिस पहुंची। पहले तो पुलिस ने बातचीत से मामला हल करना चाहा, लेकिन बात नहीं बनी। इस पर पुलिस ने सख्त रुख अपना लिया। इस पर किसान किनारा काटने लगे। लगभग तीन बजे पुलिस ने स्कूल को आवारा पशुओं से खाली कराया। तब जाकर शिक्षकों ने राहत की सांस ली।