फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रतापगढ़: एकतरफा प्यार में फेंका तेजाब, धमकाकर की शादी, अब बना जान का दुश्मन

विज्ञापन
तेजाब पीड़ित युवती रीना पाल। - फोटो : PRATAPGARH
विज्ञापन
एकतरफा प्यार में युवक ने पहले तेजाब फेंककर किशोरी का चेहरा खराब कर दिया। मुकदमे के दौरान धमकाकर उससे शादी कर ली। तेजाब पीड़िता को शासन से मिले रुपयों से गाड़ी और ट्रैक्टर खरीद लिया। अब पैसे खत्म हुए तो उसे जान से मारने का प्रयास कर रहा है। महिला ने पुलिस की सहायता ली, लेकिन उसने कोई कार्रवाई नहीं की। इस पर उसने तेजाब पीड़ित महिलाओं के लिए काम करने वाली एक महिला से सारी बात बताई। महिला ने इसकी जानकारी संस्था को दी। इसके बाद इसका खुलासा हुआ। मामले में पुलिस अब कार्रवाई की बात कह रही है।
विज्ञापन

नवाबगंज थाना क्षेत्र के रजवापुर गांव निवासी रघुनाथ पाल अपने परिवार के साथ दिल्ली में रहता था। उसकी बेटी रीना पाल ने लालगंज भटनी स्थित एक विद्यालय से हाईस्कूल की परीक्षा देने के लिए फार्म भरा था। उसके आने जाने के दौरान बगल के गांव व्यासपुर के विजय गुप्ता पुत्र राजाराम गुप्ता उसके पीछे पड़ गया। विजय ने एकतरफा इश्क का इजहार किया, तो रीना ने मना कर दिया। 2013 में रीना अपने चाचा के साथ परीक्षा देने भटनी जा रही थी। रास्ते में पीछे से आए विजय और उसके गांव के ही साथी बृजलाल पटेल पुत्र राममिलन ने उस पर तेजाब फेंक दिया।
रीना का चेहरा झुलस गया, अस्पताल में रीना का इलाज चला। उधर, नवाबगंज थाने में इसका मुकदमा दर्ज हुआ और विजय जेल चला गया। 11 महीने बाद विजय जमानत पर छूटा तो फिर से रीना के पीछे पड़ गया। उसने कहा कि वह उससे शादी कर ले नहीं तो वह उसके बाप और इकलौते भाई को मार देगा। धमकी से सहमी रीना ने परिवार से विरोध करके उसके साथ शादी को राजी हो गई। उसके फैसले से उसके मां-बाप नाराज हो गए और उसे उसके हाल पर छोड़ दिया।
विज्ञापन

इधर विजय ने उसके साथ शादी की और रीना को मिले शासन से सहायता के पांच लाख रुपये से पुराना ट्रैक्टर और एक गाड़ी भी खरीद ली। कुछ दिन बीतने के बाद वह उसके साथ मारपीट करने लगा। रीना का आरोप है कि अब वह उसे मारना चाहता है। अभी हाल ही में उसके ऊपर डीजल छिड़क कर आग लगाने का प्रयास किया।
इसके साथ ही चुन्नी से उसका गला घोटने का प्रयास किया था। रीना ने कई बार 100 डायल पर पुलिस को सूचना दी, लेकिन पुलिस उसके पति से मिलकर लौट जाती थी। इस पर उसने संस्था में काम करने वाली अपनी एक महिला मित्र की सहायता ली। जानकारी पर अमर उजाला की टीम उसके घर पहुंची तो इसका खुलासा हुआ।
पुलिस के लौटते ही करने लगता पिटाई
कुंडा। नवाबगंज के रजवापुर निवासी विजय पुत्र राजाराम ने रीना के ही पैसे से दूसरे गांव कुटी में एक घर खरीदा और उसके साथ रहने लगा। किसी भी तरह की मारपीट की शिकायत रीना जब पुलिस से करती तो पुलिस उसके पति से मिलकर लौट जाती थी। पुलिस के जाते ही उसकी फिर से पिटाई शुरू हो जाती थी। यह क्रम कई बार चला। पुलिस इसे घरेलू विवाद बता देती थी।
मौसेरी बहन के यहां गई तो लगा दिया गहना चोरी का आरोप
कुंडा। कुटी गांव में रही रही रीना के अनुसार उसका पति प्रभावशाली है। उसकी काफी लोगों से जान पहचान है। पुलिस का तो उस पर कोई प्रभाव नहीं है। एक बार वह मारपीट से परेशान होकर अपनी मौसेरी बहन के घर चली गई थी। इस पर उसके पति ने उसे पर 20 हजार रुपये व गहने चोरी से उठा ले जाने का आरोप लगा दिया था। पुलिस ने इस मामले में भी समझौता करा दिया था। बाद में मजबूरी में उसे फिर से घर लौटकर आना पड़ा था। उसके प्रभाव से परेशान होकर वह अब यूपी में रहना ही नहीं चाहती। वह अपने एक परिचित के यहां दिल्ली में रहकर काम करना चाहती है।
पति को थाने ले गई पुलिस
कुंडा। कहीं से भी सहायता नहीं मिलने से परेशान रीना ने अपने साथ हो रही ज्यादती की बात अपनी एक महिला मित्र को बताई थी। उसकी महिला मित्र तेजाब पीड़ितों की मदद करने वाली एक संस्था में काम करती है। महिला ने रीना के साथ हो रही ज्यादती की कहानी संस्था के लोगों को बताई तो उन लोगों ने इसकी जानकारी अमर उजाला को दी। अमर उजाला की टीम मंगलवार की शाम उसके घर पहुंची। सामने 112 पर फोन करवाकर पुलिस बुलाई। पुलिस मौके पर पहुंची और दबाव को देखते हुए उसके पति विजय को थाने ले गई। हालांकि रीना को भी थाने आने को कहा, लेकिन समस्या यह है कि वह किसके साथ जाए। फिलहाल वह इतने से ही संतुष्ट रही कि पुलिस उसके पति को थाने तो ले गई।
पूर्व में महिला की तरफ से कोई शिकायत थाने पर नहीं मिली थी। अब शिकायत मिली है। पति को थाने लाया गया है। महिला के पिता को सूचित किया गया है। महिला सिपाहियों और एसआई को भेजकर उसकी शिकायत ली जाएगी और उचित कार्रवाई भी होगी। आशुतोष त्रिपाठी, इंस्पेक्टर नवाबगंज।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें