Prayagraj News : प्रमोद तिवारी, राज्यसभा सांसद।
- फोटो : अमर उजाला।
कांग्रेस के राज्यसभा सांसद व वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने कहा है कि सात सितंबर से शुरू हो रही कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान केंद्र सरकार की असफलताओं को उजागर किया जाएगा। योजनाओं की हकीकत जनता के सामने लाई जाएगी। प्रमोद ने कहा कि पिछले आठ साल में महंगाई, बेरोजगारी, सामाजिक तनाव व ध्वस्त होती संस्थाओं के मुद्दों को लेकर कांग्रेस भारत जोड़ो यात्रा निकाल रही है। इसके तहत 150 दिन में कश्मीर से कन्याकुमारी तक साढ़े तीन हजार किलोमीटर का रास्ता तय करते हुए लोगों के सामने केंद्र सरकार की नाकामियां गिनाई जाएंगी।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने कहा कि यात्रा का मकसद सभी भारतीयों को एकजुट करना है। उन्होंने कहा कि देश की आर्थिक स्थिति बहुत खराब है। अमीर और अमीर होता जा रहा है और गरीब आसमान छूती महंगाई व बेरोजगारी से परेशान है।
सांसद ने कहा कि सामाजिक तौर पर देश की जनता को तरह-तरह के हथकंडे अपनाकर जाति-धर्म, भाषा व खानपान के आधार पर बांटा जा रहा है। एक-दूसरे से आपस में लड़ाने के लिए नए-नए खड़यंत्र रचे जा रहे हैं। महिला अपराध के चलते असुरक्षा बढ़ती जा रही है।