अखंड पाठ, शबद-कीर्तन सुन संगत निहाल, एलीट क्लब ने कमेटी को दिया बॉडी चिलर
संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापगढ़। बाबागंज के गुरुद्वारा नानक शाही में शनिवार को गुरु ग्रंथ साहिब का प्रकाश पर्व श्रद्धापूर्वक मनाया गया। सुबह अखंड पाठ साहब पूरा हुआ। ज्ञानी विपिन प्रीत सिंह और ज्ञानी रमनदीप सिंह ने शबद कीर्तन सहित गुरु इतिहास सुनाकर संगत को निहाल किया।
सरदार मंजीत सिंह गोबिंद ने बताया, आज ही के दिन सन 1604 को गुरु ग्रंथ साहिब का पहला प्रकाश अमृतसर में दरबार साहिब में पांचवें गुरु गुरु अरजन देव ने कराया था। इसके लिए बाबा बुड्ढा को पहला ग्रंथी नियुक्त किया और प्रकाश करते ही पहला हुकुम नामा आया। उन्होंने विस्तार से श्री गुरु ग्रंथ साहिब के बारे में बताया।
इस अवसर पर डीएम प्रकाश चंद श्रीवास्तव ने पत्नी सीमा संग गुरुद्वारा पहुंचकर गुरु ग्रंथ साहिब के आगे माथा टेका और गुरु महराज का आशीर्वाद प्राप्त किया। प्रबंधक कमेटी की ओर से अध्यक्ष सरदार मंजीत सिंह ने दोनो को सिरोपा देकर सम्मानित किया।
एलीट क्लब सदस्यों ने सिख समाज एवं गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी को एक बॉडी चिलर (शव रखने वाली मशीन) भेंट की। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने एलीट क्लब के अध्यक्ष सोमिल केसरवानी सहित सभी को सिरोपा देकर सम्मानित किया। अरदास के बाद सभी ने गुरु साहिब का लंगर प्रसाद ग्रहण किया।
आयोजन में सरदार मंजीत सिंह गोबिंद, करमजीत सिंह, सुरजीत सिंह, अमोलक सिंह सन्नी , जगमीत सिंह, बलप्रीत सिंह, हरप्रीत सिंह, परमप्रीत सिंह, जगजीत सिंह, रविंदर सिंह, कुलविंदर सिंह जसप्रीत सिंह, गुरप्रीत सिंह आदि मौजूद रहे।