विद्युत उपकेंद्र में गुरुवार की रात अचानक जोरदार धमाके बाद इनकमिंग फीडर में आग लग गई। जिससे 60 गांव में अंधेरा छा गया। हालांकि इस दौरान उपकेन्द्र पर ड्यूटी कर रहे कर्मचारी बाल-बल बच गए।
कंधई थाना क्षेत्र के दिलीपपुर विद्युत उपकेंद्र में 13/14 की रात तीन बजे इनकमिंग फीडर जल गया। वहां इतनी जोर का धमाका होेने के साथ ही आग लग गई। वहां प्राइवेट कर्मचारी नीरज कुमार (24) की कमीज में आग लग गई। कर्मचारियों ने भुपियामऊ उपकेंद्र पर तैनात दूसरे कर्मचारियों को अवगत कराने के साथ ही सप्लाई बंद करने को कहा। फीडर जलने से इलाके के 60 गांवों की बिजली आपूर्ति बंद हो गई।
शुक्रवार सुबह फिर भुपियामऊ से 33 हजार की आपूर्ति बहाल कर दी गई। जिससे फिर आग भड़क उठी। कर्मचारियों ने ग्रामीणों की मदद से किसी तरह आग पर काबू पाया। बिजली गुल होने से रसोइयां, शिवसत, गोपालपुर, बारघाट, मरुआन, चौखड़ा, चलाकपुर आदि गांवों में बिजली पर निर्भर लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई। बिजली विभाग के एसडीओ सदर ने बताया कि ठीक करने के प्रयास हो रहे हैं।