अपराध के खिलाफ लोगों को जागृत करने के लिए अब घर-घर चिट्ठी लेकर डाकिया पहुंचेगा। जिसमें अपील होगी अपराध के खिलाफ चुप्पी तोडने की, एकजुटता के साथ आवाज बुलंद करने की। पदयात्रा व जगह-जगह चौपाल भी आयोजित की जाएगी।
जिले में माई होम प्रतापगढ़ समिति द्वारा आयोजित यह अभियान चरणबद्ध तरीके से चलेगा। रविवार को बाबागंज स्थित होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में माई होम प्रतापगढ़ के संयोजक वरुण प्रताप सिंह ने मुहिम के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि प्रतापगढ़ की पहचान शिक्षा, साहित्य, कला व आंवला से की जाती है, मगर विडंबना यह है कि जनप्रतिनिधियों की संवेदनशून्यता व प्रशासनिक अधिकारियों की जवाबदेही के अभाव के चलते जिले में अपराधिक गतिविधियां सक्रिय हो रही हैं। उन्होंने कहा कि अपराध के खिलाफ लोगों को जागरूक करने की आवश्यकता है।
जन-जन जागरूक होगा तभी अपराध के खिलाफ अभियान को सार्थकता मिलेगी। उन्होंने कहा कि अपराध में संलिप्त लोगों का सामाजिक विरोध किया जाएगा। अभियान से जुडने के लिए व्हाटसएप नंबर 8840180250 पर जुडक़र अभियान में शामिल हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा, साहित्य, कला व आंवला जिनसे बेल्हा की पहचान है, उसे संजोने के लिए भी माई होम प्रतापगढ़ कार्य करेगा।
इस दौरान बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष केपी सिंह, विजय पाल सिंह, चंद्रेश पांडेय, हरिशंकर तिवारी, डा. आलोक मिश्रा, अविनाश सिंह, डा. धर्मेंद्र प्रताप सिंह, रतन जैन, विष्णु खंडेलवाल, प्रभात शर्मा आदि मौजूद रहे।