पॉलीटेक्निक प्रवेश परीक्षा कराना इस बार आसान नहीं होगा। दो पालियों में होनी वाली प्रवेश परीक्षा के दौरान बीए की परीक्षाएं भी होंगी। ऐेसे में केंद्र संचालक चिंतित दिखाई दे रहे हैं। संयुक्त राज्य पॉलीटेक्निक प्रवेश परीक्षा 3 मई को है। जिले में कई सेंटर बनाए गए हैं। परीक्षा नियंत्रक द्वारा केंद्रों की सूची जारी कर दी गई है। सूची मिलते ही परीक्षा केंद्रों पर तैयारियां भी शुरू हो गई हैं। कुछ महाविद्यालयों को भी परीक्षा केंद्र बनाया गया है। ऐसे में विद्यालयों के संचालक परीक्षा कराने को लेकर काफी परेशान दिखाई दे रहे हैं।
दिलचस्प बात यह है कि इन केंद्रों पर दो पालियों में प्रवेश परीक्षा होनी है। इसी दौरान बीए प्रथम एवं द्वितीय वर्ष के हिंदी विषय के अभ्यर्थी परीक्षाएं देंगे। ऐसे में केंद्रों पर परीक्षार्थियों की संख्या बढ़ जाएगी। कई केंद्रों पर एक हजार से भी अधिक परीक्षार्थी परीक्षा देने वाले हैं। महाविद्यालय उपलब्ध संसाधनों पर रणनीति बनाने में जुट गए हैं। सबसे सर्वाधिक चिंता इस बात को लेकर है कि पॉलीटेक्निक प्रवेश परीक्षा राज्य स्तर पर आयोजित होती है और इसमें लापरवाही होने पर पूरे प्रदेश पर असर पड़ सकता है। वहीं पुलिस प्रशासन ने भी परीक्षाओं को सकुशल संपन्न कराने के लिए कमर कस ली है। एसपी बलिकरन सिंह यादव ने अधीनस्थों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।