प्रधानी के चुनाव में उम्मीदवार भाभी और पोस्टर में अपना नाम छपवाकर प्रचार करने वाले देवर और छह सहयोगियों पर महेशगंज थाने में धोखाधड़ी और कूटरचना का मुकदमा दर्ज हुआ है। एसीजेएम कुंडा के आदेश पर यह कार्रवाई की गई है।
बाबागंज विकास खंड के रायअसकरनपुर ग्राम पंचायत का प्रधान पद सामान्य महिला के लिए आरक्षित था। गांव के ही पप्पू सिंह ने अपनी भाभी पुष्पा सिंह के नाम नामांकन किया और पोस्टर में अपनी फोटो और नाम छपवाकर जनता से वोट मांगा।
गांव के ही अजय प्रताप सिंह ने एसीजेएम कोर्ट कुंडा में वाद प्रस्तुत कर आरोप लगाया कि पप्पू और उनके भाइयों ने अपने नाम का पोस्टर छपवाकर जनता को गुमराह किया। एसीजेएम के आदेश पर महेशगंज पुलिस ने पप्पू सिंह, उमेश कुमार सिंह, मनोज सिंह, राकेश कुमार सिंह, कमलेश बहादुर सिंह, राजेंद्र कुमार मिश्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। चुनाव में इस तरह का पहला प्रकरण सामने आया है, जिसमें कोर्ट और पुलिस ने दिलचस्पी दिखाते हुए अभियोग पंजीकृत किया है। हालांकि मतगणना में अधिक वोट पाने वाली पुष्पा सिंह प्रधान बन गई हैं। पीड़ित पक्ष ने एसपी को तहरीर देकर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।