फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भगवा सरकार में और बढ़ा बेल्हा का रसूख

Sun, 19 Mar 2017 11:27 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो प्रतापगढ़
विज्ञापन
political
विज्ञापन
प्रतापगढ़। प्रदेश की सियासत में बेल्हा का रुतबा पूर्ववर्ती सपा सरकार के मुकाबले और बढ़ गया है। भगवा सरकार में जिले को दो कैबिनेट और एक राज्यमंत्री मिला है। इससे प्रदेश की सियासत में जिले का सियासी रसूख कायम है। पट्टी से विधायक चुने गए मोती सिंह को जहां लंबे समय से संगठन से जुड़े रहने और उनके अनुभव को देखते हुए कैबिनेट मंत्री बनाया गया है, वहीं विधान परिषद सदस्य महेंद्र सिंह को असम विधानसभा के चुनाव में भाजपा की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का इनाम देते हुए राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार का दायित्व सौंपा गया है। विधानसभा चुनाव से पहले बसपा छोड़कर भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने वाले स्वामी प्रसाद मौर्या को भी कैबिनेट मंत्री बनाकर भाजपा ने प्रतापगढ़ की सियासी ताकत को बरकरार रखा है।
विज्ञापन



कैबिनेट मंत्री बनाए गए राजेंद्र प्रताप सिंह उर्फ मोती सिंह लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी से जुड़े हुए हैं। पट्टी ब्लाक  के  सर्वजीतपुर के रहने वाले मोती सिंह इससे पहले 2002 में भाजपा-बसपा की गठबंधन की सरकार में कृषि राज्यमंत्री रह चुके हैं। वह पट्टी विधानसभा से ही लगातार चुनाव लड़ते रहे हैं। 2012 के विधानसभा चुनाव में वह सपा के राम सिंह पटेल से नजदीकी मुकाबले में हार गए थे। 2017 के चुनाव में भी वह बेहद कम अंतर से जीते। मोती सिंह को भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह का करीबी माना जाता है। मोती सिंह पहले दो बार ब्लाक प्रमुख और एक बार एमएलसी भी रह चुके हैं।

राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार बनाए गए डा. महेंद्र सिंह को असम के चुनाव में पार्टी की जीत में अहम भूमिका निभाने का इनाम मिला है। जिले के बेलखरनाथ ब्लाक के करमाही गांव के रहने वाले महेंद्र सिंह उत्तर प्रदेश से विधान परिषद सदस्य हैं। वह भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री होने के साथ असम के प्रभारी भी हैं। कभी बसपा में नंबर दो की हैसियत रखने वाले स्वामी प्रसाद मौर्य को भी भाजपा ने कैबिनेट मंत्री बनाया है। जिले के बिहार ब्लाक के चकवड़ गांव के रहने वाले स्वामी प्रसाद मौर्य चुनाव से पहले बसपा छोड़कर भाजपा में शामिल हुए और कुशीनगर की पडरौना सीट से चुनाव लड़कर जीत हासिल की। गौरतलब है कि पूर्ववर्ती सपा सरकार में जिले से दो कैबिनेट मंत्री थे। कुंडा से विधायक रघुराज प्रताप सिंह के साथ रानीगंज से विधायक रहे शिवाकांत ओझा को सपा सरकार ने अपनी कैबिनेट में शामिल करते हुए महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी सौंपी थी। वहीं योगी आदित्यनाथ के मंत्रिमंडल में पट्टी विधायक राजेंद्र प्रताप उर्फ मोती सिंह, एमएलसी डॉ. महेंद्र बहादुर सिंह और स्वामी प्रसाद मौर्य के शामिल होने पर भाजपाई बेहद खुश हैं। शपथग्रहण समारोह को अपने नजरों में कैद करने वाले भाजपाई अपने चहेते नेताओं के मंत्री बनने पर खुशी से झूम उठे।
विज्ञापन
विज्ञापन


 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें