संडवा चंडिका में पुलिस द्वारा ट्रकों से वसूली के विरोध में प्रदर्शन करते ट्रक चालक एवं ग्रामीण। ?
- फोटो : PRATAPGARH
अंतू- सांगीपुर थाना क्षेत्र की सीमा पर सिंगाही पुल पर पुलिसकर्मियों की वसूली से परेशान ट्रक चालकों ने वाहन मालिकों के साथ शुक्रवार को पुलिस चौकी पर हंगामा किया। आरोप था कि सिपाहियों ने 11 हजार रुपये वसूले हैं। वसूली की रकम वापस होने के बाद चालकों के साथ वाहन स्वामी चौकी से लौटे। वसूली के खिलाफ प्रदर्शन की हर तरफ चर्चा होने लगी तो आरोपी पुलिसकर्मी मामला रफादफा कराने की जुगत में जुट गए।
अंतू थाना क्षेत्र के किठावर बाजार में पुलिस चौकी है। चूंकि सांगीपुर थाना क्षेत्र की सीमा होने के कारण पूर्व में अक्सर घटनाओं को अंजाम देकर बदमाश भाग निकलते थे। इस कारण किठावर पुलिस चौकी पर तैनात पुलिसकर्मी सिंघनी पुल पर खड़े होकर वाहनों की चेकिंग करते हैं।
बृहस्पतिवार की शाम एक दरोगा दो सिपाहियों के साथ वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। आरोप है कि मोरंग लादकर अंतू की ओर आ रहे सगरासुंदरपुर के अनीस व सिंघनी के राधेश्याम के ट्रक को पुलिस कर्मियों ने रोक लिया। दोनों ट्रकों को पुलिस चौकी पर ले जाया गया। जहां उनसे 11 हजार रुपये वसूलने के बाद छोड़ा गया।
मामले की जानकारी होने पर शुक्रवार की सुबह ट्रक मालिक अपने कई साथियों के साथ पुलिस चौकी पहुंचे। बातचीत के दौरान पुलिसकर्मी आरोपी को झूठा बताने लगे। जिसे लेकर उनके बीच तीखी बहस हुई। देखते ही देखते ही ट्रक मालिक चौकी के बाहर हंगामा करने लगे।
ट्रक मालिकों ने प्रकरण की शिकायत अधिकारियों से करने की बात कही। यह देख बैकफुट पर आए पुलिसकर्मी मामले को सुलझाने में जुट गए। बाद में चालकों से वसूले गए 11 हजार रुपये वापस करने के बाद वाहन मालिक शांत होकर लौट गए। सीओ सिटी सुबोध गौतम ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। वह मामले की जांच कर कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक को रिपोर्ट देंगे।