प्रतापगढ़ में नगर पंचायत सुवंसा में बनाया गया पिंक बूथ।
- फोटो : अमर उजाला।
बेल्हा में निकाय चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को होने वाले मतदान के दिन चप्पे-चप्पे पर सुरक्षाबलों की निगरानी रहेगी। यदि किसी ने कुछ गलत करने की सोची तो उनके आसपास पुलिस की लाठी फटकती दिखेगी। त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे में वोट डाले जाएंगे। इसके लिए पुलिस प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है।
नगर निकाय चुनाव के लिए आज सुबह सात से शाम शाम छह बजे तक मतदान होगा। इसके लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के चाकचौबंद इंतजाम किए हैं। चार हजार से अधिक पुलिस, बीएसएफ और पीएसीकर्मियों को लगाया जाएगा। अति संवेदनशील प्लस बूथों पर पुलिस के साथ पीएसी और बीएसएफ के जवान रहेंगे। शहर और देहात में कानून व्यवस्था संभालने के लिए तीन कंपनी बीएसएफ मुस्तैद की गई है। एक नगर पालिका और 18 नगर पंचायतों के संवेदनशील बूथों पर ड्रोन से निगरानी की जाएगी।
मतदान केंद्रों पर तीन स्तरीय सुरक्षा का प्रबंध किया गया है।
केंद्रों के गेट पर पुलिसकर्मी रहेंगे। करीब दस की संख्या में मतदान के प्रवेश स्थल पर पुलिसकर्मी मुस्तैद रहेंगे। इसके अलावा पुलिसकर्मी मतदान केंद्र के आसपास लगातार चक्कर लगाते रहेंगे। पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने बताया कि जिले में 506 बूथ हैं। इनमें 220 संवेदनशील हैं। इन पर अतिरिक्त फोर्स रहेगी। मोबाइल टीमें बनाई गई हैं। अधिकारी भ्रमणशील रहेंगे। कानून व्यवस्था की स्थिति में बीएसएफ कार्रवाई करेगी।
निकाय चुनाव में नियुक्त कर्मचारी
हेड कांस्टेबल 410
निरीक्षक-दरोगा 325
होमगार्ड -1573
3 सेक्शन पीएसी
3 कंपनी बीएसएफ
नगर पंचायतों में 10 स्पेशल क्यूआरटी और दो-दो स्पेशल बूथ प्रभारी