Police poles on arbitrary people in lockdown
- फोटो : PRATAPGARH
कोरोना वायरस से बचाव के लिए हुए 21 दिनों के लॉकडाउन के बाद भी लोग सड़कों पर निकल रहे हैं। ऐसे लोगों पर सोमवार को पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए डंडे भी चलाए। बाइक सवारों को दौड़ाकर पीटा।
जिले की सीमा पर भी सघन चेकिंग होती रही। पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह भी मातहतों के साथ सड़कों पर उतरकर बिना वजह घूम रहे लोगों की धरपकड़ कराते रहे।
लॉकडाउन के बाद जिले में दिल्ली समेत अन्य प्रदेशों से आने वाले दिहाड़ी मजदूरों के आने के कारण अफरातफरी का माहौल व्याप्त हो गया है। इस बीच बंदिशों में रहने वाले लोग भी मनमानी करते नजर आए। शासन की सख्ती के बाद सोमवार को पुलिस ऐसे लोगों पर सख्त नजर आई।
सीओ सिटी अभय पांडेय व नगर कोतवाल ने सुबह से ही बिना वजह के सड़कों पर घूम रहे लोगों को सबक सिखाया। शहर के चौक घंटाघर, भुपियामऊ, मीराभवन, कटरा, अंबेडकर चौराहा समेत कई स्थानों पर लोगों को पुलिस ने पीटा।
सभी को घरों में रहने के लिए पुलिसकर्मी लगातार हिदायत देते रहे। पुलिस वाहन से सभी को घरों में रहने के लिए अनाउंस होते रहे। पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह खुद सड़क पर उतरे। भंगवाचुंगी के करीब हाइवे पर आने-जाने वाले लोगों की बाइकें सीज करने का निर्देश दिया। जिले की सीमा पर भी पुलिस वाहनों की सघन जांच करती रही।