सड़क दुर्घटनाओं के प्रभावी रोकथाम के लिए सोमवार को पुलिस लाइन स्थित सई कॉम्प्लेक्स में यातायात से जुड़े पुलिसकर्मियों का प्रशिक्षण हुआ। सीओ यातायात अनिल कुमार राय ने प्रभारी यातायात प्रदीप कुमार सिंह, एनआईसी के रोल-आउट मैनेजर ओमप्रकाश गुप्ता व आरक्षी अरविंद कुमार की मौजूदगी में विशेष क्रिटिकल कॉरिडोर टीम (सीसी टीम के प्रभारी एवं सदस्य) को आईआरएडी व ईडीएआर प्रणाली का प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान ब्रेथ एनालाइजर, स्पीड रडार गन, डेसीबल मीटर एवं बॉडी-वॉर्न कैमरों के उपयोग की जानकारी दी गई।
सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित डेटा के सटीक संकलन, ऑनलाइन अपलोडिंग एवं त्वरित विश्लेषण पर विशेष बल दिया गया। सीओ ने सीसी टीम से कहा कि तकनीकी उपकरणों व डिजिटल प्रणाली का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करते हुए सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात नियमों के अनुपालन व पीड़ित पक्ष को शीघ्र सहायता एवं न्याय प्रदान कराने का प्रयास करें। संवाद