गाजीपुर जनपद के जमनिया के थानेदार के बेटे विशाल सिंह ने रविवार को दिल्ली में ट्रेन के सामने कूदकर खुदकुशी कर ली। वह दिल्ली में रहकर बीटेक की पढ़ाई कर रहा था। सोमवार को बेल्हा देवी के करीब सई नदी के तट पर परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
विज्ञापन
कंधई थाना फेनहा के पूर्व प्रधान दल शृंगार सिंह के बेटे प्रमोद सिंह पुलिस विभाग में निरीक्षक हैं। उनका बेटा विशाल सिंह (24) अपने बड़े पिता आत्मा सिंह के साथ दिल्ली में रहकर बीटेक चौथे सेमेस्टर की पढ़ाई कर रहा था। परिवार वालों के अनुसार रविवार को अज्ञात कारणों से उसने दिल्ली में ही ट्रेन के सामने कूदकर खुदकुशी कर ली। खबर मिलते ही परिजन रोने-बिलखने लगे।
पोस्टमार्टम के बाद सोमवार को शव घर पहुंचा तो परिजन शव से लिपटकर रोने लगे। रिश्तेदार व पड़ोसी उन्हें संभालते रहे। खुदकुशी का कारण पता नहीं चल सका। अचानक उसके इस कदम से सभी स्तब्ध हैं।