नवागत पुलिस अधीक्षक अखिलेश कुमार ने जिले की कानून व्यवस्था सुधारने को लेकर अपनी मंशा जता दी है। वह घटनाओं और अपराध की समीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने साफ कह दिया है कि मठाधीश थानेदारों की नहीं चलेगी। ऐसे में इस बात की उम्मीद जताई जा रही है कि कई थानेदार ईद के बाद पैदल हो सकते हैं। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अब वह जनपद में अपराधों की समीक्षा कर रहे हैं। इसके साथ ही थानेदारों के कार्यों का मूल्यांकन भी कर रहे हैं। जनता की समस्याओं को निबटाने के साथ ही कानून का पालन कराने में थानेदार कितनी रुचि लेते हैं, इसका पता लगाया जा रहा है।
सूत्रों की मानें तो ईद बाद कसौटी पर खरा न उतरने वाले थानेदारों का पैदल होना तय है। नए कप्तान किसी भी चूक को माफ करने के मूड में नहीं दिख रहे। वह जनपद में कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने व अपराधियों की नकेल कसने की मंशा से मातहतों को अवगत करा चुके हैं। गुरुवार को पुलिस चौकी पर लगे पीएस सिस्टम को भी एसपी ने चेक किया। इतना ही नहीं, चौकी पर पुलिसकर्मियों से जानकारी भी ली। इससे पुलिस महकमे में हड़कंप मचा रहा। वैसे नए कप्तान की मंशा समझ में आते ही थानों पर जनता की समस्याएं सुनने के साथ ही थानेदार अब दूसरे अधिकारियों की परिक्रमा भी करने लगे हैं।