बताया जाता है प्रेमिका से मोबाइल पर बातचीत के बाद बुधवार की शाम आदित्य सीधे सूरत से उसके ननिहाल पहुंच गया। आदित्य वहां पहुंचा तो प्रेमिका घर में अकेली थी, उसके नाना-नानी कहीं गए थे। प्रेमिका से मिलने पहुंचा आदित्य उसे अपने साथ सूरत ले जाने पर अड़ गया। प्रेमिका ने साथ जाने से इन्कार किया तो प्रेमी ने आपा खो दिया और गाली गलौज करने लगा। यह देख प्रेमिका ने घर का दरवाजा भीतर से बंद कर लिया। इससे नाराज प्रेमी काफी देर तक गाली गलौज करता रहा।
अंधेरा होने पर वह कहीं चला गया। बृहस्पतिवार की सुबह उसका शव प्रेमिका के घर के समीप पड़ा मिला। युवक का शव देख वहां ग्रामीण जुट गए। सूचना पर सीओ रामसूरत सोनकर व लीलापुर एसओ मौके पर पहुंचे। छानबीन व पूछताछ के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शाम को पीएम की रिपोर्ट आई तो उसमें मौत का कारण स्पष्ट नहीं था। शरीर पर चोट के निशान भी नहीं मिले। चिकित्सकों ने जांच के लिए बिसरा सुरक्षित कर पुलिस को सौंप दिया। घटना के बारे में ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चा हो रही है। सीओ रामसूरत सोनकर ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है, जल्द ही घटना का खुलासा होगा।
शव के पास मिली शराब व पानी की बोतल
प्रेमिका के ननिहाल में जहां प्रेमी का शव पड़ा था, वहीं पर शराब व पानी की खाली बोतल भी मिली। उसके मुंह से झाग भी निकला था। आशंका जताई गई कि प्रेमिका के साथ जाने से इन्कार करने के बाद आदित्य ने शराब पी। आशंका है कि उसकी मौत अत्यधिक शराब के सेवन से हो गई। मुंह से झाग निकलने के चलते जहरीला पदार्थ निगलने की भी लोगों में चर्चा हो रही है।
कोर्ट में हुई शादी से खुश नहीं थे प्रेमिका के परिजन
आदित्य का युवती से दो वर्ष से प्रेम प्रसंग चल रहा था। परिजन तो नहीं बोले पर ग्रामीणों ने बताया कि उनका प्यार परवान चढ़ा तो दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली। प्रेमी युगल के सजातीय होने के बाद भी युवती के परिजन शादी से संतुष्ट नहीं थे। मायूस होकर आदित्य सूरत चला गया और प्रेमिका ननिहाल में रहने लगी। दोनों के बीच मोबाइल पर बातें होती थीं। इस बीच प्रेमी युवती को अपने साथ सूरत ले जाने आया तो उसने परिजनों की जानकारी के बिना उसके साथ जाने से इन्कार कर दिया था।