पुलिस ने छापामारी कर कटरागुलाब सिंह स्थित अनाज गोदाम से तीन सौ अस्सी बोरी चोरी की दाल की बरामद की है। पुलिस की कार्रवाई से व्यवसायियों में हडक़ंप मच गया। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दाल हमीरपुर के व्यापारी ने गुजरात भेजी थी। जिसे रास्ते से गायब कर दिया गया था।
जेठवारा पुलिस ने मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर कटरागुलाब सिंह स्थित एक व्यवसायी के अनाज गोदाम से तीन सौ अस्सी बोरी चने की दाल बरामद की। पूछताछ में व्यापारी ने बताया कि उसने दाल एक ट्रक चालक से खरीदी थी। पुलिस ने दाल को सीज करने के बाद उच्च अधिकारियों को जानकारी दी।
जांच में पता चला कि मानधाता थाना क्षेत्र के रामनगर के एक व्यक्ति ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर दाल चोरी की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने थोक दाल व्यवसायी संदीप अग्रवाल निवासी हमीरपुर को सूचना दी। जिस पर व्यवसायी ने ट्रक मालिक अमनदीप के खिलाफ हमीरपुर में मुकदमा दर्ज करा दिया है।
वहीं पुलिस अनाज गोदाम मालिक के बेटे को हिरासत में लेकर आरोपी ट्रक चालक व उसके साथी की तलाश में जुटी है। दाल व्यवसायी संदीप ने बताया कि गुजरात के व्यापारी के यहां दाल भेजा था। जिसकी कीमत सत्रह लाख थी। झांसी तक चालक की लोकेशन मिली। उसके बाद उसका मोबाइल स्वीच आफ हो गया।